बड़वानी में डूब प्रभावित क्षेत्र से लोगों लेकर आ रही बस पलटी, 2 लोगों की मौत

बस में 17 लोग सवार थे जिसमें से 7 लोग घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान 2 लोगों की मौत हो गयी।

Publish: Sep 17, 2023, 10:06 AM IST

बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में हो रही मुसलाधार बारिश और ऊपरी बांधों के गेट खुलने से नर्मदा का जलस्तर बढ़ा हुआ है। जिससे आसपास के गांवों में पानी भर गया है। कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। प्रशासन इन जगहों पर रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगह पर भेज रहा है। इसी के चलते बड़वानी के छोटा बड़दा गांव के लोगों को पुनर्वास स्थलों तक लेकर जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार शनिवार को शाम 7 बजे बड़दा गांव के 17 लोगों को बस के माध्यम से रेस्क्यू करके सुरक्षित स्थान पर लाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 7 लोग घायल हो गए। जिसमें से इलाज के दौरान 2 लोगों ने दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने बस से लोगों को बाहर निकाला और पुलिस को घटना की सूचना दी।

पुलिस ने सभी घायलों को अंजड़ समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां पर डॉक्टर ने एक 12 वर्षीय बालिका मनस्वी सहित 56 वर्षीय बुजुर्ग शोभाराम पाटीदार को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना के बाद गांव वालों में आक्रोश है। उनका कहना है कि प्रशासन से सुबह सहायता मांगी गई थी। और सहायता टीम रात को पहुंची।