गुना में मजदूरों से भरी बस पलटी, 30 यात्री घायल, धार में पिकअप वाहन पलटने से 2 की मौत और 15 घायल

गुना बायपास स्थित विवेक पेट्रोल पम्प के पास हुआ हादसा, 4 लोगों की हालत गंभीर, सूरत से कानपुर जा रही थी बस, उधर धार में पिकअप वाहन पलटने से 2 की मौत हो गई जबकि 15 घायल हो गए

Updated: Oct 23, 2022, 09:32 AM IST

गुना। मध्य प्रदेश में एक के बाद एक सड़क दुर्घटना हो रहे हैं। रीवा और दमोह के बाद अब गुना में मजदूरों से भरी बस पलट गई। इस हादसे में करीब 30 लोग घायल हैं। इनमें से चार की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं एक को ग्वालियर रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि यह बस सूरत से कानपुर जा रही थी। सूरत में काम करने वाले मजदूर बस में सवार थे। वे दिवाली मनाने के लिए घर जा रहे थे। सहारा ट्रेवलर्स की यह बस जैसे ही बायपास स्थित विवेक पेट्रोल के करीब गुजरी, अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि ड्राइवर शराब पिया हुआ था। बस यात्रियों ने बताया कि घटना के 10 मिनट पहले ही सभी ने एक ढाबे पर खाना खाया था। वहीं पर ड्राइवर ने संभवतः शराब पी थी।

यह भी पढ़ें: ग्वालियर में लोग नहीं कर सकेंगे आतिशबाजी, कलेक्टर का आदेश जारी, गांव में ग्रीन पटाखों पर दो घंटे की छूट

दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले एक बार बस एक तरफ झुकी, फिर दूसरी तरफ झुकी और पलट गई। बस ओवरलोड थी। ऊपर पार्सल भरा हुआ था। एक स्लीपर सीट पर लगभग 5-6 लोग बैठे हुए थे। बस में लगभग सभी मजदूर थे। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एम्बुलेंस के जरिए सभी घायलों को गुना अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है जहां 4 की हालत नाजुक है। 

उधर धार के धामनोद में एबी रोड पर कुछ देर पहले एक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक गणपति घाट पर ट्राले के ब्रेक फेल हो जाने पर आगे चल रहे पिकअप वाहन को टक्कर मारी। टक्कर के बाद पिकअप ने भी एक कार को पहले टक्कर मारी, इसके बाद पीकअप वाहन घाट पर स्थित खाई में जाकर गिर गया। पिकअप वाहन में लोकल की कई सवारी बैठी हुई थी। इसके दो लोगों की मौत हो गई और 15 घायल हो गए। हादसे सूचना मिलते ही तीन एंबुलेंस सहित धामनोद पुलिस मौके के लिए रवाना हो गई है। जिसके बाद खाई में गिरे लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू शुरू किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: MP में एक और सड़क हादसा, दमोह में 28 मजदूरों से भरी पिकअप बेकाबू होकर पलटी

बता दें कि इससे पहले शुक्रवार देर रात मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक बस अनियंत्रित होकर टेलर से टकरा गई थी। इस हादसे में 15 यात्रियों की मौत हो गई जबकि 40 घायल हैं। वहीं शनिवार को दमोह जिले में मजदूरों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के दौरान पिकअप पर 28 मजदूर सवार थे। इनमें 14 गंभीर रूप से घायल हो गए।