अलीराजपुर में बोरवेल में गिरे मासूम की मौत, 20 फीट गहराई पर फंसा था 5 साल का विजय

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि हम बोरवेल मालिक और बोरिंग मशीन ऑपरेटर के खिलाफ मामला दर्ज कर रहे हैं।

Updated: Dec 13, 2023, 10:12 AM IST

मध्य प्रदेश में बोरवेल ने एक और मासूम की जान ले ली है। अलीराजपुर में बोरवेल में गिरे 5 साल के मासूम को बचाया नहीं जा सका। वह 20 फीट की गहराई पर फंसा था। रेस्क्यू टीम करीब साढ़े पांच घंटे बाद उसे निकाल पाई। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

विजय खंडाला गांव के डावरी फलिया में मंगलवार शाम करीब 4 बजे 250 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया था। मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने दो जेसीबी और एक पोकलेन मशीन से बोरिंग के साइड में 25 फीट गहरा गड्‌ढा खोदा था। इसके बाद रात करीब साढ़े 9 बजे सुरंग बनाकर उसका रेस्क्यू किया गया था।

जिला कलेक्टर डॉ. अभय अरविंद बेडेकर ने बताया कि विजय दोस्तों के साथ घर के पास ही खेत में खेल रहा था। खेत में बोरे से ढंकी बोरिंग थी। खेलते-खेलते बच्चों ने बोरा हटाया और अंदर झांकने लगे। इसी दौरान ये हादसा हो गया।

विजय परिजन के साथ अपने मौसा सालम सिंह के यहां आया था। सालम सिंह का मकान बोरिंग से करीब 150 मीटर की दूरी पर बना है। जिले के पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि हम बोरवेल मालिक और बोरिंग मशीन ऑपरेटर के खिलाफ मामला दर्ज कर रहे हैं, जिन्होंने गड्ढा खोदा और उसे खुला छोड़ दिया था।