इंदौर में रणजीत हनुमान की प्रभात फेरी में दो गुटों में झड़प, भाजयुमो कार्यकर्ता की चाकू मारकर हत्या

मृतक शुभम रघुवंशी अपने दोस्तों के साथ रणजीत हनुमान की प्रभातफेरी में गया था। यहां धक्का-मुक्की को लेकर विवाद के बाद एक आरोपी ने उसके गले में चाकू मार दिया।

Updated: Jan 04, 2024, 10:37 PM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं है। गुरुवार को यहां रणजीत हनुमान की प्रभात फेरी के दौरान एक भाजयुमो कार्यकर्ता की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि यहां दो गुटों में मामूली विवाद में चाकूबाजी हो गई। चाकू बजरंग दल कार्यकर्ता के गले पर लगा, जो श्वास नली तक पहुंच गया। पुलिस ने एक दर्जन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। 

घटना सुबह करीब 7.30 बजे की है जब प्रभात फेरी महू नाका से अन्नपूर्णा मंदिर की तरफ बढ़ रही थी। महू नाका पर काफी भीड़ होने के कारण धक्का-मुक्की भी हुई। इसी दौरान पैर लगने के करने गोमा के रहने वाले शुभम रघुवंशी का कुछ युवकों से विवाद हो गया। शुभम के दोस्तों ने बताया कि एक युवक ने उसके गले पर चाकू से वार कर दिया। उसके गले से खून निकला तो सब घबरा गए। शुभम को उसके दोस्त जिला अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। यहां से शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया गया।

घटना के बाद भीड़ ने एक आरोपी की पिटाई भी कर दी। वहीं, बजरंग दल के कार्यकर्ता पुलिस कमिश्नर कार्यालय के सामने धरने पर बैठे गए। आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त कर दिया। वे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। अन्नपूर्णा, द्वारकापुरी और चंदन नगर पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच भी लगातार आरोपियों की धरपकड़ में जुटी है। पुलिस करीब 6 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

बताया जा रहा है शुभम मालवा मिल के पास बिरियानी की दुकान लगाता था। पिता भी शुभम के साथ काम में हाथ बंटाते हैं। शुभम शुरू से आरएसएस से जुड़ा हुआ था। बाद में बजरंग दल और भारतीय जनता युवा मोर्चा में शामिल हो गया। भाजयुमो में उसे वीर सावरकर मंडल क्षेत्र नंबर 5 से शुभम रघुवंशी को सह कार्यालय मंत्री नियुक्त किया गया था।