कमलनाथ के अंत वाले CM के बयान पर कांग्रेस हमलावर, नेता प्रतिपक्ष बोले- सत्ता के मद में मदहोश हैं शिवराज

रामायण काल में रावण को, कृष्ण काल में कंस को हुआ था। कई तानाशाहों में सत्ता की हवस ने इस तरह के भाव बनाए हैं: जीतू पटवारी

Updated: Mar 19, 2023, 05:49 PM IST

भोपाल। 25 मार्च को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह छिंदवाड़ा आएंगे। कांग्रेस का गढ़ छिंदवाड़ा को जीतने के लिए बीजेपी ने एड़ी-चोटी की जोर लगा दी है। अमित शाह के दौरे के पहले तैयारियों की समीक्षा करने पहुंचे सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान छिंदवाड़ा कांग्रेस और कमलनाथ के राजनैतिक अंत करने की बात तक कह डाली। सीएम चौहान के इस बयान पर कांग्रेस हमलावर है।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने कहा कि, 'शिवराज सिंह सत्ता के मद में मदहोश हैं। अगर कोई विपक्षी भाजपा के खिलाफ बोलता है तो उनको बड़ी बेचैनी होती है। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के प्रति और कांग्रेस पार्टी के लिए अंत जैसे शब्द का उपयोग करना। मैं मुख्यमंत्री के पद पर बैठे व्यक्ति के लिए उचित नहीं समझता। मैं इसकी निंदा करता हूं।'

जनता जवाब देगी: जीतू पटवारी

सीएम के बयान पर पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने कहा, 'ये सत्ता के मद में इस तरह के भाव आपसे पहले भी कई लोगों को ये मद हुए थे। रामायण काल में रावण को, कृष्ण काल में कंस को हुआ था। कई तानाशाहों में सत्ता की हवस ने इस तरह के भाव बनाए हैं। लेकिन भारत की प्राचीन सभ्यता और संस्कार इसकी इजाजत नहीं देते। चार बार के मुख्यमंत्री का इस तरह का वक्तव्य नहीं होना चाहिए। आपको प्रदेश की जनता से और कमलनाथ जी से माफी मांगना चाहिए। अगर आप ऐसा नहीं करोगे तो किसका अंत कहां और कैसे होगा ये तो नियति बताएगी। लेकिन ये संस्कार मप्र की जनता देख और सुन रही है। समय आने पर इसका जवाब देगी।'