कांग्रेस ने मनु मिश्रा को बनाया दमोह का ज़िला अध्यक्ष, दमोह सहित पांच ज़िला अध्यक्ष बदले गए
दमोह के अलावा अनूपपुर, दतिया, हरदा और रतलाम रूरल के ज़िला अध्यक्ष बदले गए हैं, अनूपपुर में फुंदेलाल सिंह मार्को को ज़िला अध्यक्ष बनाया गया है, मार्को से पहले जयप्रकाश अग्रवाल पिछ्ले 15 वर्षों से ज़िला अध्यक्ष का दायित्व संभाल रहे थे

भोपाल। कांग्रेस ने अपने पांच ज़िलों के ज़िला अध्यक्ष बदल दिए हैं। दमोह, अनूपपुर, दतिया, हरदा और रतलाम रूरल के ज़िला अध्यक्ष बदल दिए गए हैं। कांग्रेस हाईकमान ने नए ज़िला अध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। दमोह में मनु मिश्रा को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं अनूपपुर, दतिया, हरदा और रतलाम में क्रमशः फुंदेलाल सिंह मार्को, अशोक डांगी, ओम पटेल और हर्ष विजय गहलोत ज़िला अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।
यह भी पढ़ें : दमोह उपचुनाव: अजय टंडन लड़ेंगे कांग्रेस के टिकट पर चुनाव
ज़िला अध्यक्षों की नवनियुक्ति में सबसे ज़्यादा चर्चा का विषय दमोह के ज़िला अध्यक्ष मनु मिश्रा बने हुए हैं। 17 अप्रैल को दमोह में उपचुनाव होने हैं। कांग्रेस ने दमोह सीट पर अजय टंडन को उम्मीदवार बनाया है। अजय टंडन के नाम पर मुहर लगने से पहले मनु मिश्रा का नाम भी रेस में चल रहा था। लिहाज़ा उपचुनाव में पार्टी के अंदर किसी भी तरह के भीतरघात को रोकने के लिए कांग्रेस ने मनु मिश्रा को ज़िला अध्यक्ष बना दिया है।
अनूपपुर में हुआ फेरबदल भी चर्चा के केंद्र में है। अनूपपुर में कांग्रेस ने फुंदेलाल सिंह मार्को को ज़िला अध्यक्ष बनाया है। फुंदेलाल को जयप्रकाश अग्रवाल की जगह ज़िला अध्यक्ष बनाया गया है। जयप्रकाश अग्रवाल पिछले 15 वर्षों से अनूपपुर में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष थे।