MP By Elections: कांग्रेस ने रामचंद्र दांगी को बनाया ब्यावरा से अपना उम्मीदवार

Ramchandra Dangi: बीजेपी उम्मीदवार नारायण सिंह पवार के खिलाफ कांग्रेस की ओर से ताल ठोकेंगे दांगी, सात साल बाद फिर से होगा सामना

Updated: Oct 09, 2020, 05:03 PM IST

Photo Courtesy: Facebook profile picture
Photo Courtesy: Facebook profile picture

भोपाल। मध्यप्रदेश की 28 सीटों पर होने वाले आगामी विधानसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने सभी प्रत्याशियों के नामों का एलान कर दिया है। पार्टी ने राजगढ़ जिले के ब्यावरा सीट से पूर्व जिलाध्यक्ष रामचंद्र दांगी को अपना उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस द्वारा अपने जमीनी नेता को ब्यावरा के रण में भेजे जाने से इस विधानसभा का मुकाबला बेहद रोचक हो गया है।

पिछले दो दिनों से ब्यावरा सीट को लेकर चल रहे लंबे खींचतान और आत्ममंथन के बीच गुरुवार की रात को अंततः मध्यप्रदेश कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से दांगी की उम्मीदवारी का एलान किया गया। पार्टी ने अपनी ट्वीट में लिखा, 'श्री रामचन्द्र डांगी को ब्यावरा विधानसभा के लिये कांग्रेस पार्टी ने अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। प्रचंड जीत की अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएँ।'  इसी के साथ पार्टी ने अपना चुनावी नारा “जीतेगा मध्यप्रदेश, जीतेगी कांग्रेस” दिया है।

सात साल बाद फिर आमने-सामने होंगे वही चेहरे

यह पहली बार नहीं है जब नारायण सिंह पवार और रामचंद्र दांगी के बीच मुकाबला होगा। इसके पहले साल 2013 विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने दांगी को अपना उम्मीदवार बनाया था। वहीं बीजेपी से नारायण पवार रण में थे। हालांकि उस समय समीकरण कुछ और थे नतीजतन दांगी चुनाव हार गए थे। माना जा रहा है कि दांगी इस बार पवार से पिछले हार का बदला ले सकते हैं।

जमीनी नेता के रूप में है दांगी की पहचान

रामचंद्र दांगी राजगढ़ जिले के एक लोकप्रिय नेता हैं। उनकी पहचान एक जमीनी नेता के रूप में है। वह साल 2003 में भी कांग्रेस के टिकट से चुनाव लड़ चुके हैं, हालांकि इस दौरान भी वह बेहद कम अंतर से चुनाव हार गए थे। साल 2009 से 2018 तक दांगी राजगढ़ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। महज 22 वर्ष की उम्र में राजनीति में आने वाले दांगी का राजनीतिक सफर कृषि उपज मंडी के अध्यक्ष के रूप में शुरू हुआ था। इसके बाद वह जिला पंचायत अध्यक्ष से लेकर भूमि विकास बैंक के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

इससे पहले कांग्रेस ने 11 सितंबर को अपनी पहली सूची में 15 उम्मीदवार घोषित किए थे वहीं दूसरी सूची में नौ और तीसरी सूची में चार उम्मीदवारों की घोषणा की गई थी। इस दौरान पार्टी ने बदनावर सीट पर अपना प्रत्याशी भी बदला था। इसके बाद शेष ब्यावरा सीट पर अब पार्टी ने अपने प्रत्याशी का एलान कर दिया है। बता दें कि बीते 15 सितंबर को कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी के कोरोना के इलाज में निधन से यह सीट खाली हुई थी।