लोकसभा चुनाव से पहले छिंदवाड़ा में कांग्रेस को लगा झटका, पूर्व विधायक गंभीर सिंह भाजपा में शामिल

दिग्विजय सिंह शासनकाल में चौधरी गंभीर सिंह विधायक रहे हैं, इससे पहले वह कांग्रेस से जिला पंचायत सदस्य भी रह चुके हैं।

Updated: Mar 13, 2024, 07:00 PM IST

छिंदवाड़ा। लोकसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश में दलबदल का खेल जारी है। इसी बीच अब छिंदवाड़ा में कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक रहे चौधरी गंभीर सिंह ने आज भोपाल में अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ली। इससे पहले वह कांग्रेस से जिला पंचायत सदस्य भी रह चुके हैं।

चौधरी गंभीर सिंह ने बुधवार को भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू के नेतृत्व में भोपाल पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ नगर पालिका में कांग्रेस से नेता प्रतिपक्ष अर्जुन रघुवंशी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता ने भी बीजेपी का दामन थाम लिया।वे लंबे समय से पार्टी में खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे थे।

पूर्व विधायक चौधरी गंभीर सिंह लंबे समय से टिकट की मांग कर रहे थे लेकिन उनकी मांग पूरी नहीं हुई।विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद कांग्रेस संगठन के द्वारा तीर्थ ठाकुर को कांग्रेस का ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया था जिसके बाद चौधरी गंभीर सिंह ने संगठन के समक्ष नाराजगी जाहिर की थी। लेकिन उनकी नाराजगी को अनदेखा कर दिया गया यहां तक कि उनके कई समर्थकों ने इस्तीफा भी दिया था जिसको लेकर कांग्रेस उन्हें मनाने में नाकामयाब रही।