MP में कांग्रेस को लगातार दूसरे दिन लगा झटका, लीगल सेल के अध्यक्ष शशांक शेखर भाजपा में शामिल

मध्य प्रदेश में कांग्रेस के लीगल सेल के अध्यक्ष शशांक शेखर ने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया है। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, नरोत्तम मिश्रा। इस दौरान जबलपुर महापौर जगतबहादुर अन्नू भी मौजूद थे।

Updated: Feb 08, 2024, 03:04 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव से पहले दलबदल का दौर जारी है। कांग्रेस को प्रदेश में लगातार दूसरे दिन झटका लगा है। जबलपुर के एक और नेता ने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया है। बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई। इससे पहले कल जबलपुर में कांग्रेस के महापौर जगतबहादुर अन्नू भी बीजेपी में शामिल हो गए थे।

मध्य प्रदेश में कांग्रेस के लीगल सेल के अध्यक्ष शशांक शेखर ने गुरुवार को कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया है। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, ज्वाइनिंग टोली के प्रमुख नरोत्तम मिश्रा और विधायक संजय पाठक की मौजूदगी में उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया। इस दौरान महापौर जगतबहादुर अन्नू भी मौजूद थे।

माना जा रहा है कि उन्हें बीजेपी में लाने में अन्नू की भी अहम भूमिका है। चूंकि, स्वयं अन्नू भी कल ही भाजपा में शामिल हुए हैं। शशांक शेखर प्रदेश के पूर्व महाअधिवक्ता भी रह चुके हैं, वह कानून के बड़े जानकार माने जाते हैं और वह फिलहाल कांग्रेस में अहम जिम्मेदारी संभाल रहे थे। ऐसे में उनका अचानक से बीजेपी में शामिल होना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

पूर्व महाअधिवक्ता शशांक शेखर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा के करीबी माने जाते थे, इसके अलावा उन्हें पूर्व सीएम कमलनाथ का भी करीबी माना जाता था। लेकिन अब उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया है। इससे पहले बुधवार को भाजपा में शामिल हुए जबलपुर महापौर जगत बहादुर अन्नू को भी विवेक तन्खा का करीबी माना जाता था।