MP में महिलाओं को प्रतिवर्ष 18 हजार रुपए भत्ता देगी कांग्रेस सरकार, कमलनाथ का बड़ा ऐलान
मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार लाएगी संसार की सबसे बड़ी महिला सशक्तिकरण योजना, कमलनाथ ने कांग्रेस सरकार आते ही राज्य कि महिलाओं को 18 हजार रुपए आर्थिक सहायता देने का किया ऐलान

भोपाल। मध्य प्रदेश में शिवराज सरकार द्वारा लागू लाडली बहना योजना को चुनावी साल में मास्टर स्ट्रोक के तौर पर देखा जा रहा है। इसी बीच कांग्रेस ने संसार की सबसे बड़ी महिला सशक्तिकरण योजना लाने का ऐलान कर दिया है। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा है कि कांग्रेस की सरकार आते ही राज्य में महिलाओं को प्रतिवर्ष 18 हजार रुपए का आर्थिक सहायता दिया जाएगा। कमलनाथ के इस ऐलान के बाद सत्तारूढ़ भाजपा की मुश्किलें और बढ़ने वाली है।
पीसीसी चीफ कमलनाथ ने रविवार को एक ट्वीट थ्रेड में लिखा, "मैं मध्यप्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को एक सुखद सूचना देना चाहता हूं। कुछ महीने बाद आप सब मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने वाली हैं। कांग्रेस सरकार महिलाओं को प्रतिवर्ष 18,000 रुपए की आर्थिक सहायता देगी। यह संसार की सबसे बड़ी महिला सशक्तिकरण योजना बनेगी।"
यह घोषणा किसी घोषणा मशीन की घोषणा नहीं है, जो हर रोज अपनी बात से पलट जाते हैं। कांग्रेस पार्टी ने मध्य प्रदेश की महिलाओं को देश में सबसे अधिक आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया है और हम वह संकल्प पूरा करेंगे।
— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) March 5, 2023
जय मध्य प्रदेश। जय मध्य प्रदेश की नारी।
कमलनाथ ने आगे लिखा कि, "यह घोषणा किसी घोषणा मशीन की घोषणा नहीं है, जो हर रोज अपनी बात से पलट जाते हैं। कांग्रेस पार्टी ने मध्य प्रदेश की महिलाओं को देश में सबसे अधिक आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया है और हम वह संकल्प पूरा करेंगे। जय मध्य प्रदेश। जय मध्य प्रदेश की नारी।"
बता दें कि मध्य प्रदेश में महिला मतदाताओं कि संख्या दो करोड़ 60 लाख से ज्यादा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महिला वोटर्स को साधने के लिए चुनाव से ठीक पहले लाडली बीमा योजना लागू करने का ऐलान किया है। इसमें 23 से 60 साल तक की विवाहित महिलाओं को 1000 प्रतिमाह दिया जाएगा। हालांकि, इस योजना को नियमावली देखा जाए तो प्रदेश की अधिकांश महिलाओं को इसका लाभ नहीं मिलेगा।
वहीं कमलनाथ के ऐलान को लेकर एमपी कांग्रेस के मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले ने कहा कि, "कमलनाथ सरकार महिलाओं के लिए विश्व की सबसे बड़ी योजना लाएगी। केंद्र सरकार की किसान सम्मान निधि में सिर्फ 6 हजार रुपए मिलते हैं। मोदी सरकार की योजना से 3 गुनी बड़ी योजना होगी कमलनाथ सरकार की योजना। शिवराज सिंह चौहान की लाडली बहना योजना से भी डेढ़ गुना ज्यादा रकम कमलनाथ सरकार देगी। शिवराज सरकार की योजना में बहुत कम महिलाएं शामिल हैं। जबकि कमलनाथ सरकार मध्य प्रदेश की अधिकांश बेटियों, बहनों, बहुओं और माताओं को हर महीने 1500 रुपए देगी।"
पीयूष बबेले ने आगे कहा कि, "कमलनाथ सरकार में मोदी और शिवराज सरकार की योजनाओं की तरह जनता से कोई फ्रॉड नहीं होगा। यह कमलनाथ का वादा है जो टूटेगा नहीं। हम जो कहेंगे उसे पूरा करेंगे।
जिस तरह किसान सम्मान निधि के तहत दिए रुपयों को मोदी सरकार अब किसानों को वापस वसूल रही है। इस तरह का फ्रॉड नहीं होगा। अब प्रदेश में झूठ फरेब की राजनीति नहीं चलेगी।" बता दें कि हिमाचल प्रदेश की नवनिर्वाचित कांग्रेस सरकार ने भी महिलाओं को डेढ़ हजार रुपये प्रतिमाह भत्ता दे रही है।