कांग्रेस ने MP को बीमारू बना दिया, उन्हें मौका मिला तो फिर से बीमारू बना देंगे, भोपाल में बोले PM मोदी

मैं कहता हूं कि जहां-जहां कांग्रेस गई है, उस राज्य को बर्बाद कर दिया। क्या आपको नहीं लगता है कि मध्य प्रदेश का भी यही हाल करेंगे? कांग्रेस मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य बना देगी: पीएम मोदी

Updated: Sep 25, 2023, 02:00 PM IST

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को भोपाल पहुंचे। यहां उन्होंने जंबूरी मैदान में आयोजित कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी शिवराज सरकार की उपलब्धियां बताने के बजाए कांग्रेस पर हमलावर दिखे। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का ठेका अर्बन नक्सलियों के पास है, उन्हें मौका मिल गया तो मध्य प्रदेश का नुकसान होगा।

कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, 'यह जन सैलाब, उमंग, उत्साह, महाकुंभ, महासंकल्प, बहुत कुछ कहता है। यह दिखाता है कि मध्यप्रदेश के मन में क्या है? यह दिखाता है नई ऊर्जा से भरी हुई भाजपा। यह दिखाता है भाजपा का और भाजपा के हर कार्यकर्ता का बुलंद हौसला। मोदी यानी हर गारंटी पूरी होने की गारंटी है। कांग्रेस जहां-जहां गई, उस राज्य को बर्बाद कर दिया। कांग्रेस का ठेका अब अर्बन नक्सलियों के पास है।'

पीएम मोदी ने कहा, 'मध्य प्रदेश सिर्फ भाजपा के विचार का ही नहीं, विकास के विजन का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। आज जब देश अमृतकाल की नई विकास यात्रा पर निकला है, तब मध्य प्रदेश की भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है। एमपी में भाजपा की सरकार को लगभग 20 साल पूरे हो चुके हैं। जो युवा पहली बार वोट डालेंगे, उन्होंने भाजपा की ही सरकार को देखा है। ये युवा सौभाग्यशाली हैं कि इन्होंने एमपी में कांग्रेस का वो बुरा शासन, बुराइयां देखी नहीं हैं।'

प्रधानमंत्री ने कहा, 'मध्य प्रदेश में कांग्रेस के शासन की पहचान थी कुनीति, कुशासन और करोड़ों का करप्शन। आजादी के बाद मध्य प्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस का ही शासन रहा। लेकिन, कांग्रेस ने साधन-संपन्न मध्य प्रदेश को समर्थ युवाओं वाले मध्य प्रदेश को बीमारू बना दिया दोस्तों। यहां के युवाओं ने कांग्रेस के जमाने की खराब कानून व्यवस्था नहीं देखी। यहां के युवाओं ने उस दौर की खस्ताहाल सड़कें नहीं देखीं। यहां के युवाओं ने अंधेरे में जीने को मजबूर गांव और शहर नहीं देखे। अपने हर कार्यकाल में भाजपा ने एमपी को नई ऊर्जा के साथ नई ऊंचाई पर ले जाने का प्रयास किया। इसीलिए यहां के युवाओं ने भाजपा का सुशासन ही देखा है।'

पीएम मोदी ने आगे कहा, 'यह समय भारत और मध्य प्रदेश को विकसित बनाने का है। इतने महत्वपूर्ण समय में अगर कांग्रेस जैसी परिवारवादी पार्टी, हजारों करोड़ों के घोटाले का इतिहास रचने वाली पार्टी, वोट बैंक का तुष्टिकरण करने वाली पार्टी को जरा भी मौका मिल गया तो मध्य प्रदेश को बहुत बड़ा नुकसान होगा। मैं आपसे एक सवाल पूछता हूं। मैं कहता हूं कि जहां-जहां कांग्रेस गई है, उस राज्य को बर्बाद कर दिया। क्या आपको लगता है कि मध्य प्रदेश का भी यही हाल करेंगे। मध्य प्रदेश को बचाना चाहिए कि नहीं, कांग्रेस के हाथ नहीं जाने देना चाहिए न, लूटने और तबाही नहीं करनी देनी चाहिए न? कांग्रेस एक बार फिर एमपी को बीमारू बना देगी। क्या आप एमपी को फिर से बीमारू बनाना चाहते हो?'