दलितों के घर तोड़े जाने के विरुद्ध एक्शन में कांग्रेस, सुरखी जाकर पीड़ितों से मुलाकात करेंगे दिग्विजय सिंह

सागर ज़िले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रेपुरा के लगभग 10 अहिरवार समाज के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई का मामला, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पर लगाए गंभीर आरोप

Updated: Jun 22, 2023, 10:02 AM IST

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र में दलितों का घर तोड़े जाने का ममला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पीएम आवास के तहत बने 10 मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई के विरुद्ध कांग्रेस एक्शन में नजर आ रही है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आज सुरखी जाकर पीड़ितों से मुलाकात करेंगे।

मामला परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रेपुरा का है। यहां अहिरवार समाज (अनुसूचित जाति) के लोगों के करीब 10 मकान तोड़े गए हैं जो प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने थे। कांग्रेस का आरोप है कि ये मकान मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के निर्देश पर गिराए गए। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि पीड़ित मंत्री गोविंद से डरते नहीं हैं, इसलिए उनका मकान तोड़ा गया है।

सिंह ने पूछा है कि शासकीय योजना के अन्तर्गत मकान बनते रहे तब प्रशासन क्यों सोता रहा? क्या भाजपा के नेताओं के मकान शासकीय भूमि पर नहीं बने हैं? उनपर बुल डोज़र क्यों नहीं चला? उन्होंने इसे ग़रीब अनुसूचित जाति के साथ घोर अन्याय करार देते हुए कहा कि हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं आज दोपहर तक रेपुरा पहुँचूँगा और पीड़ित अनुसूचित जाति के साथ चर्चा कर आगे की रूप रेखा तय करूँगा।

जानकारी के मुताबिक दिग्विजय सिंह आज सुबह 11:00 बजे भोपाल से सुरखी के लिए रवाना होंगे। यहां वे पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा देंगे। बता दें कि कांग्रेस सागर जिले में भाजपा मंत्रियों द्वारा लगातार पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाती रही है। जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं को मजबूती देने के लिए अब स्वयं दिग्विजय सिंह ने कमान संभाल लिया है।