कर्नाटक फतह के बाद मिशन MP में जुटी कांग्रेस, दिल्ली में प्रदेश के दिग्गजों के साथ कल राहुल गांधी की अहम बैठक

विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर 26 मई को दिल्ली में कांग्रेस की बड़ी बैठक होने जा रही है। इसमें कमलनाथ-दिग्विजय सिंह समेत मध्य प्रदेश कांग्रेस के तमाम सीनियर नेता शामिल होंगे।

Updated: May 26, 2023, 01:02 AM IST

नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में मिली जीत के बाद कांग्रेस उत्साहित नजर आ रही है। कांग्रेस पार्टी अब मिशन मध्य प्रदेश के लिए जुट गई है। इस साल के अंत में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर 26 मई को दिल्ली में कांग्रेस की बड़ी बैठक होगी। इस बैठक में कमलनाथ, दिग्विजय सिंह सहित प्रदेश कांग्रेस के सीनियर नेता मौजूद रहेंगे। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के साथ ये बैठक होगी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बैठक में दोनों पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल, पूर्व पीसीसी चीफ कांतिलाल भूरिया, राज्यसभा सांसद विवेक तनखा और सुरेश पचौरी मौजूद रहेंगे। विधानसभा चुनाव को लेकर यह बैठक अहम माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें: भाजपा के सभी 28 सांसद छिपे हुए हैं, पिछले चार वर्षों में उन्होंने कोई काम नहीं किया: कमलनाथ

बताया जा रहा है कि यह बैठक शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर होगी। बैठक में उम्मीदवारों का चयन, घोषणापत्र पर चर्चा होगी, चुनावी कैंपेन से लेकर एकजुटता को लेकर चर्चा होगी। सूत्रों के मुताबिक हाईकमान ने प्रदेश कांग्रेस के नेताओं से मुद्दों को लेकर होमवर्क करके आने कहा है। इस दौरान सभी संभाग में कांग्रेस की स्थिति और वहां के जमीनी मुद्दे को लेकर चर्चा होंगी।

दरअसल, कांग्रेस आम जनता के मुद्दों को लेकर चुनावी मैदान में जाना चाहती है। प्रदेश में कई महीनों से कांग्रेस हर मुद्दे पर बीजेपी को घेरने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है। कर्नाटक में भी कांग्रेस ने मुद्दों पर चुनाव लडा था और जीत दर्ज की। ऐसे में मध्य प्रदेश में भी कर्नाटक फॉर्मूला लागू किया जाएगा। इस बैठक में 12 जून को होने वाले मध्यप्रदेश के जबलपुर में प्रियंका गांधी की सभा को लेकर भी चर्चा होने की भी संभावना है। प्रियंका गांधी 12 जून को जबलपुर से विधानसभा चुनाव के अभियान का शंखनाद करने वाली हैं।