Bharat Bandh: इंदौर में छावनी कृषि मंडी में धरना देगी कांग्रेस, दिग्विजय सिंह भी रहेंगे मौजूद

कांग्रेस ने किसानों के आंदोलन को पूरी तरह समर्थन देने का एलान किया है, इंदौर के कांग्रेस कार्यकर्ता भारत बंद के समर्थन में बाइक रैली निकाल रहे हैं

Updated: Dec 08, 2020, 04:44 PM IST

Photo Courtesy: Freepress Journal
Photo Courtesy: Freepress Journal

इंदौर। किसानों के भारत बंद का समर्थन करते हुए कांग्रेस ने इंदौर की छावनी कृषि मंडी पर धरने की योजना बनाई है। इस धरने में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं, नेताओं के साथ-साथ मध्य प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के शामिल होने के भी आसार हैं। खबर है कि छावनी कृषि मंडी के धरने में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी मौजूद रह सकते हैं। 

खबरों के मुताबिक धरने में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के अलावा जीतू पटवारी और सज्जन सिंह वर्मा भी मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही इंदौर ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल और विधायक संजय शुक्ला समेत कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे। 

इससे पहले कृषि कानून के विरोध स्वरूप सुबह करीब 10 बजे कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला, प्रदेश अध्यक्ष विनय बाकलीवाल और जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव कार्यकर्ताओं के साथ बाइक रैली के रूप में छावनी अनाज मंडी पहुंचे थे। यहां पर नारेबाजी भी की, लेकिन इन्हें संभालने के लिए तीन थानों का बल मौजूद है।

संयुक्त किसान मोर्चा ने व्यापारियों से किसानों के समर्थन में दुकानें, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और मार्केट बंद रखने की अपील की है। सुबह 11 बजे तेजाजी नगर से किसान रैली भी निकलेगी। यह विभिन्न मार्गों से होती हुई राजबाड़ा पहुंचेगी। राजबाड़ा से रीगल होते हुए रैली तेजाजी नगर में समाप्त होगी।आम आदमी पार्टी की इंदौर इकाई दोपहर 12 बजे राजबाड़ा और उसके पास के क्षेत्र में व्यापारियों से बंद रखने की अपील करेगी।

हालांकि इंदौर में आज सुबह भारत बंद का ज़्यादा असर देखने को नहीं मिला। सुबह-सुबह फलों और सब्जियों की बिक्री सामान्य तौर पर होती नज़र आई। हालांकि दिन गुज़रने के साथ-साथ बंद का असर देखने को मिल सकता है।