मध्य प्रदेश की कर्ज कहानी पूरा देश सुन रहा है, दलाली के लिए कर्ज ले रही शिवराज सरकार: जीतू पटवारी

जीतू पटवारी ने प्रेस कान्फ्रेस के दौरान कहा कि शिवराज सरकार ने मध्य प्रदेश को 3.5 लाख करोड़ के कर्ज में डुबो दिया, कर्ज का ब्याज चुकाने के लिये भी सरकार कर्ज ले रही है

Updated: Jun 09, 2022, 12:33 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के बिगुल बजते ही दोनों पार्टियां सक्रिय हो गई है। कांग्रेस ने शिवराज सरकार पर दलाली के लिए कर्ज लेने का आरोप लगाया है। एमपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा की मध्य प्रदेश का कर्ज कहानी पूरा देश सुन रहा है।

जीतू पटवारी ने गुरुवार को राजधानी भोपाल स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर कहा, 'शिवराज सरकार के कुशासन के कारण मध्य प्रदेश पर आज 3.5 लाख करोड़ का कर्ज हो गया है। हैरानी की बात यह है कि 2022 में सरकार ने कर्ज चुकाने के लिए भी कर्ज लिया। प्रदेश सरकार विकास कार्यों के लिए कर्ज ले तो उसमें कोई बुरी बात नहीं है। लेकिन कर्ज अपने इवेंट, अपने प्रचार, अपने लिए 125 करोड़ का हवाई जहाज खरीदने के लिए और अपनी विलासिता का सामान खरीदने के लिए यह कर्ज लिया जा रहा है।'

यह भी पढ़ें: निकाय चुनाव: उम्मीदवार चयन में BJP से आगे निकली कांग्रेस, मेयर पद के 8 प्रत्याशी फाइनल

पटवारी ने आगे कहा कि, 'प्रदेश के हर आदमी पर 41 हजार रुपये का कर्ज है, यह कर्ज आपके और मेरे बच्चे बेरोजगार रहकर और महंगाई सहकर चुकायेंगे।
महंगाई के दौर में भी सरकार विलासितापूर्ण जीवन जीने से बाज नहीं आ रही है। हमें तो डर है कि कहीं मध्य प्रदेश की हालत श्रीलंका जैसी ना हो जाए। वह मध्य प्रदेश जो स्वास्थ्य सुविधाओं में 19 बड़े राज्यों में 17वें नंबर पर है, जहां कई पद चिकित्सा महाविद्यालय में खाली हों, जिस प्रदेश में सवा करोड़ युवा बेरोजगार हों, जिस प्रदेश के 1587 स्कूलों समेत कई अन्य जिलों में बड़ी संख्या में स्कूलों में शिक्षक नहीं है। जिस राज्य में प्रति व्यक्ति आय कम हो गई हो, उस प्रदेश में अब 400 करोड़ रुपए का कर्ज लेकर विलासिता पर खर्च करेगी हमारी मध्य प्रदेश सरकार।'

जीतू पटवारी ने एक ट्वीट में लिखा है कि, '- ब्याज के लिए, कर्ज! दलाली के लिए, कर्ज! नए कर्ज के लिए, कर्ज! कमीशन के लिए, कर्ज! भ्रष्टाचार के लिए, कर्ज!शिवराज जी, मध्य प्रदेश की "कर्ज-कहानी" अब पूरा देश सुन रहा है! जनता कर्ज में डूब रही है और बीजेपी सरकार की "लक्जरी" बढ़ रही है! अंधेरनगरी मामा राजा।'

उन्होंने अन्य ट्वीट में लिखा है कि, 'लोकतंत्र की हत्या, जनप्रतिनिधियों की खरीदी बिक्री करने वाले, सूरज को दीया दिखा रहे हैं! शिवराज जी मेरा मध्य प्रदेश कमलनाथ जी का समर्पण जानता है! इसलिए, बीजेपी के चरित्र की चिंता कीजिए! क्योंकि, बुराई वही करता है, जो बराबरी नहीं कर पाता। अंधेरनगरी मामा राजा।'

प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस विधायक ने उमा भारती पर निशाना साधते हुए कहा कि, वह शराबबंदी पर दिन-प्रतिदिन नये-नये प्रयोजन करती रहती हैं, नया अभियान शुरू करती है। लेकिन मध्य प्रदेश सरकार में जो शराब ठेकेदारों द्वारा राज्य सरकार को हिस्सा दिया जाता है, संभवत यह हिस्सा नहीं मिलने पर वे शिवराज जी पर दबाव बनाती रहती हैं। इस सब के बीच मध्य प्रदेश में शराब दुकानों की संख्या काफी बढ़ चुकी है, जबकि शराब की लत कई परिवारों को बर्बाद कर रही है।