देर रात जेल से रिहा हुए कांग्रेस विधायक विक्रांत भूरिया, कहा- हमारे संघर्ष के आगे झुकी सरकार

रोजगार दो या गिरफ्तार करो आंदोलन के बाद 13 फरवरी से भोपाल सेंट्रल जेल में विक्रांत भूरिया को बंद रखा गया था।

Updated: Feb 16, 2024, 10:04 AM IST

भोपाल। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक विक्रांत भूरिया को देर रात जेल से रिहा किया गया। रोजगार दो या गिरफ्तार करो आंदोलन के बाद 13 फरवरी से भोपाल सेंट्रल जेल में विक्रांत भूरिया को बंद रखा गया था। रिहाई के बाद विक्रांत भूरिया ने कहा कि यह संघर्ष की शुरुआत है, अभी आगे और लड़ाई है। विक्रांत भूरिया ने कहा कि वे युवाओं की आवाज उठाते रहेंगे।

विक्रांत भूरिया ने पटवारी भर्ती समेत विभिन्न विभाग और अलग-अलग ग्रुपों की हुई भर्ती परीक्षाओं में नियुक्तियां शुरू करने के सरकारी आदेश को अपने आंदोलन की जीत बताया है। विक्रांत भूरिया ने कहा कि हमारे संघर्ष के बाद सरकार झुकी है। विक्रांत भूरिया ने कहा कि हमें एक दिन पहले युवाओं के दबाव में रिहा किया गया। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन की तरह वे पूरे देश और प्रदेश में युवाओं के लिए संघर्ष करते रहेंगे। 

विक्रांत भूरिया के अनुसार हमने बेरोजगारी, परीक्षाओं में अनियमितता, भ्रष्टाचार, रिटायरमेंट की उम्र बढ़ाने के विरोध में जंगी आंदोलन किया था। जिससे सरकार हमसे नाराज है और इसलिए हमें जेल में डाल दिया गया था। विक्रांत भूरिया के साथ युवा कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा और पुष्पेंद्र पटेल भी जेल गए थे जिन्हें रिहा किया गया है।

बता दें कि विक्रांत भूरिया की गिरफ्तारी के बाद युवा कांग्रेस पार्टी ने कई जगह विरोध प्रदर्शन किया था। कई जिलों में सरकार का पुतला दहन, धरना प्रदर्शन किया गया था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व सीएम कमलनाथ, नेता प्रतिपक्ष उमंघ सिंघार आदि कई कांग्रेस नेताओं ने विक्रांत भूरिया की गिरफ्तारी का विरोध किया था। बड़े पैमाने पर इस गिरफ्तारी का विरोध होने पर सरकार पर विक्रांत भूरिया को जेल से रिहा करने का दबाव बना और आखिरकार विक्रांत भूरिया को जेल से रिहा किया गया।