लाठीचार्ज के दौरान कार्यकर्ता की कटी उंगली, दिग्विजय सिंह ने अस्पताल जाकर बढ़ाया हौसला

कांग्रेस कार्यकर्ता विनय सिंह से मिलने फ्रैक्चर हॉस्पिटल पहुंच दिग्विजय सिंह, हर संभव मदद का दिया आश्वासन

Updated: Jan 24, 2021, 07:27 AM IST

भोपल। मध्य प्रदेश कांग्रेस द्वारा शनिवार को राजधानी भोपाल में आयोजित राजभवन घेराव कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने जमकर लाठीचार्ज किया। किसानों के समर्थन के आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें आई हैं। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता विनय सिंह की उंगली तक कट गई। राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने विनय से मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

दरअसल, कल के प्रदर्शन के दौरान भोपाल पुलिस द्वारा बेहद सख्त तरीके से भीड़ को नियंत्रित की गई। पुलिस ने ताबड़तोड़ आंसू गैस के गोले छोड़े, वॉटर कैनन से प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया गया। इतना ही नहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर अमानवीय तरीके से लाठीचार्ज किया गया। यहां तक कि लाठीचार्ज के दौरान प्रदर्शन का कवरेज कर रहे कई पत्रकारों को भी चोटें आई हैं। इसी लाठीचार्ज के दौरान विनय सिंह की उंगली कट कर अलग हो गई।

विनय के उंगली कटने की जानकारी जैसे ही पूर्व सीएम व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह को मिली वे तत्काल उनसे मिलने पहुंचे। दिग्विजय सिंह ने इस दौरान विनय को हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया साथ ही उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने विनय के परिजनों का भी हालचाल लिया। इस दौरान कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे।