महंगाई और पेट्रोल, डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन

महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में हुआ प्रदर्शन, कांग्रेस ने कहा महंगाई बढ़ रही है, केंद्र की मोदी सरकार हाथ पर हाथ रखे बैठी है

Updated: Jun 11, 2021, 08:37 AM IST

Photo courtesy: twitter
Photo courtesy: twitter

भोपाल। मध्यप्रदेश में अन्य राज्यों की अपेक्षा सबसे महंगा पेट्रोल डीजल बिक रहा है। ईंधन के दामों में लगातार बढ़ोतरी के खिलाफ शुक्रवार को कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। देश के विभिन्न हिस्सों के साथ मध्यप्रदेश के भोपाल, इंदौर, ग्वालियर होशंगाबाद जबलपुर समेत कई जिलों में कांग्रेस ने बीजेपी सरकारों के खिलाफ हल्ला बोला। मध्यप्रदेश में पेट्रोल की कीमत 104 रुपए और डीजल 95 रुपए के करीब मिल रहा है। इसका सीधा असर ट्रांसपोर्ट पर पड़ रहा है, जिससे हर वस्तु की कीमतें बढ़ती जा रही हैं।

 

भोपाल के नानके पेट्रोल पंप पर हुए विरोध प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे। कांग्रेस ने इस प्रदर्शन के दौरान महंगाई को लेकर केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। दिग्विजय सिंह ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन केंद्र सरकार हाथ पर हाथ रखे बैठी हैं। इस आसमान छूती महंगाई पर न केंद्र की मोदी सरकार कुछ बोलती है और ना ही प्रदेश की शिवराज सरकार। उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। कांग्रेस के प्रदर्शन में पूर्व मेयर विभा पटेल, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कैलाश मिश्रा, गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के श्रमिक नेता दीपक गुप्ता, प्रवीण सक्सेना, योगेंद्र गुड्डू चौहान भी मौजूद थे।

वहीं इंदौर के राऊ इलाके के पेट्रोल पंप पर पूर्व मंत्री जीतू पटवारी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। पेट्रोल-डीज़ल की बढ़ती क़ीमतों के विरोध में केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार की नीतियों का विरोध किया। इस दौरान जीतू पटवारी ने बीजेपी सरकारों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मोदी मतलब बंटाधार कहते हुए कटाक्ष भी किया। वहीं राज्य और केंद्र की सरकार के वादों को झूठा बताया।

 

इंदौर के अन्य पेट्रोल पंपों पर कांग्रेस ने काली पट्टी बांधकर महंगाई के विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश की बीजेप सरकारों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं आसमान छूते दामों के खिलाफ केंद्र और राज्य सरकार को कोसा। कांग्रेसियों ने का आरोप है कि सरकारें आसमान छूती महंगाई पर कंट्रोल करने में विफल हैं।

ग्वालियर में भी कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। पेट्रोल डीजल के बढ़ते रेट और बेतहाशा महंगाई के विरोध में महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया।  ग्वालियर के केसरबाग इलाका स्थिति पेट्रोल पंप  पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोलक बजाकर विरोध जताया।

सिंगरौली जिले में भी डीजल,पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस प्रदर्शन किया। इस दौरान सिंगरौली जिला अध्यक्ष अरविंद सिंह चंदेल और ग्रामीण जिला अध्यक्ष भी मौजूद थे। कांग्रेस के शांति प्रदर्शन के दौरान गाड़ियों में पेट्रोल-डीजल भरवाने आए लोगों को फूल देकर महंगाई का दर्द साझा  करने की कोशिश की गई।

गुना के शास्त्री पार्क से कांग्रेसियों ने साइकिल रैली निकाली, और हनुमान चौराहे स्थित पुलिस पेट्रोल पंप पर प्रदर्शन किया। दरअसल 4 मई से अब तक पेट्रोल-डीजल के दाम 22 बार बढ़ें हैं। इसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में पेट्रोल पंपों के सामने अपना विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी सरकार पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर काबू करने में विफल है।