MP में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी कांग्रेस, ओपिनियन पोल में 44 फीसदी वोट शेयर का अनुमान

मध्य प्रदेश में चुनाव से पहले ओपिनियन पोल ने उड़ाई भाजपा नेताओं की नींद, स्मॉल बॉक्स इंडिया के मुताबिक प्रदेश में पूर्ण बहुमत से बनेगी कांग्रेस की सरकार

Updated: Jul 31, 2023, 09:02 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में 2023 के विधानसभा चुनाव का काउंडाउन शुरू हो गया है, एक तरफ बीजेपी सत्ता में बने रहने के लिए पूरा जोर लगाती नजर आ रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस भी सत्ता वापसी की तैयारियों में जुटी है। इसी बीच एक ओपिनियन पोल ने भाजपा नेताओं की नींद उड़ा दी है। दरअसल, पोल के नतीजों में सामने आया है कि राज्य में 44 फीसदी वोट शेयर के साथ कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है।

देशभर के राजनीतिक घटनाक्रम और चुनावों पर बारीक नजर रखने वाले स्मॉल बॉक्स इंडिया ने अपना फाइनल ओपिनियन पोल जारी किया है। इससे पहले भी स्मॉल बॉक्स की ओर से तीन ओपिनियन पोल जारी किया जा चुका है। फाइनल ओपिनियन पोल के नतीजे बताते हैं कि कांग्रेस 44 फीसदी के साथ सबसे बड़ी पार्टी होगी। वहीं, भाजपा को 40 फीसदी वोट प्राप्त होंगे। बीएसपी के खाते में 5 फीसदी, सपा के खाते में 1 फीसदी और अन्य के खाते में 10 फीसदी वोट जाने के अनुमान हैं। 

सीटों की बात करें तो 230 सीट वाले विधानसभा में कांग्रेस को 124 से 135 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं बीजेपी 70 से 80 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। सर्वे में मध्य प्रदेश में अन्य के खाते में 12 से 15 सीटें बताई गई हैं। हालांकि, कांग्रेस का दावा है कि हम 135 से भी अधिक सीटें हासिल करेंगे। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस 135 से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाएगी और कमलनाथ मुख्यमंत्री होंगे।

बता दें कि ‘स्मॉल बाॅक्स इंडिया’ का कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश समेत गुजरात और एमसीडी चुनाव में ओपिनियन पोल सही साबित हुआ था। स्माल बाॅक्स ने बताया था कि कर्नाटक में कांग्रेस, हिमाचल में कांग्रेस, गुजरात में भाजपा और एमसीडी में आप की जीत होगी। हिमाचल प्रदेश के लिए स्मॉल बाॅक्स ने अपने ओपिनियन पोल में 39 सीटों पर कांग्रेस और 26 सीटों पर भाजपा की जीत बताई थी। नतीजे कमोबेश ऐसे ही आए थे और हिमाचल में कांग्रेस ने 40 सीटों पर जीत दर्ज कर सरकार बनाई है। भाजपा को 25 सीटों पर ही जीत मिली थी।

इतना ही नहीं खुद बीजेपी द्वारा कराए गए आंतरिक सर्वे में भी इसी तरह के नतीजे सामने आए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान और बीजेपी संगठन ने आगामी चुनाव को देखते हुए अलग-अलग सर्वे कराए हैं। इनके नतीजे एक ही जैसे हैं। सर्वे में भाजपा 70 सीटों के आसपास सिमटती बताई गई है। भाजपा द्वारा कराए गए अंतरिक सर्वे की यह रिपोर्ट हाल ही में मीडिया में लीक हुई थी।