मध्य प्रदेश में राम यात्रा निकालेगी कांग्रेस, भाजपा सरकार को याद दिलाएंगे संकल्प पत्र के वादे: जीतू पटवारी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि राम यात्रा के जरिए हम याद दिलाएंगे कि महंगाई कम करो। हर घर में बेरोजगारों की लंबी कतार है। युवाओं को रोजगार दिलाएं।

Updated: Feb 24, 2024, 07:34 PM IST

Dभोपाल। विधानसभा चुनाव में किए गए वादे मध्य प्रदेश भाजपा के लिए गले की फांस बनते जा रहे हैं। नवगठित मोहन यादव सरकार एक ओर जहां चुनावी घोषणाओं पर चुप्पी साधे हुए है, वहीं विपक्ष वादों का जिक्र कर लगातार हमलावर है। इसी बीच अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य में राम यात्रा निकालने का ऐलान कर दिया है। 

शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसकी घोषणा की है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस यात्रा में भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार से उनके वादों को पूरा करने के लिए कहा जाएगा। पटवारी ने बताया कि यात्रा का समय अभी तय किया जाना बाकी है। 

उन्होंने मीडिया से कहा कि राम यात्रा के जरिए हम याद दिलाएंगे कि महंगाई कम करो। हर घर में बेरोजगारों की लंबी कतार है। युवाओं को रोजगार दिलाएं। बीजेपी की केंद्र और राज्य सरकार ने संकल्प पत्र में अद्भुत, अकल्पनीय वादे जो किसानों से किए हैं, उनको पूरा करे।

पटवारी ने कहा कि राम यात्रा सरकार के उस एजेंडे को पूरा कराने के लिए है जो बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में कही है। 2014 के लोकसभा चुनाव के पहले बीजेपी ने जो वादा किया था, वह अभी तक पूरा नहीं किया है। पीएम नरेंद्र मोदी से उन वादों को पूरा करने का आग्रह किया जाएगा। राम यात्रा के दौरान प्रार्थना करेंगे कि भगवान राम वादों को पूरा कराएं।