MP में भी महंगाई के विरुद्ध कांग्रेस का बड़ा विरोध प्रदर्शन, नेता प्रतिपक्ष के राजभवन मार्च को पुलिस ने रोका

देशभर में महंगाई के विरुद्ध प्रदर्शन कर रही है कांग्रेस, राजधानी भोपाल में भी बड़ा प्रदर्शन, नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह के नेतृत्व में भोपाल कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, इंदौर में कांग्रेसियों ने घेरा कमिश्नर कार्यालय

Updated: Aug 05, 2022, 10:37 AM IST

भोपाल। महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस आज देशभर में प्रदर्शन कर रही है। मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन देखने को किला। राजधानी भोपाल से लेकर इंदौर और अन्य जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पद दिखे।

भोपाल में रोशनपुरा चौराहे से कांग्रेस नेता पैदल मार्च करते हुए राजभवन का घेराव करने जाने लगे तो बीच में ही पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व केंद्रीय सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। 

यह भी पढ़ें: महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हुंकार, राहुल-प्रियंका को पुलिस ने हिरासत में लिया, सांसदों के साथ की मारपीट

इतना ही नहीं इस दौरान विधायक पीसी शर्मा और कुणाल चौधरी बेरिकेड्स के ऊपर चढ़ गए। जिन्हें पुलिस ने हटाया। कांग्रेस कार्यकर्ता राजभवन का घेराव करने पर अड़े हुए थे। उन्हें पुलिस रोका तो वो सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। पुलिस की सख्ती के चलते वो राजभवन घेराव करने जा नहीं सके और
कुछ देर प्रदर्शन करने के बाद वे वापस लौट गए। 

उधर इंदौर में शहर कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेसियों ने कमिश्नर ऑफिस पर जोरदार प्रदर्शन किया। वे, तख्तियां और कांग्रेस के झंडे लेकर कमिश्नर ऑफिस पहुंचे। उनकी तख्तियां पर लिखा था मोदी सरकार होश में आओ, खाद्य पदार्थ से GST हटाओ... रोटी पर भी GST टैक्स, आटे पर भी GST टैक्स, दही पर भी GST टैक्स...खा गए राशन पी गए तेल, देखो-देखो मोदी-शिवराज का खेल..। उन्होंने भाजपा और पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन में इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, विधायक संजय शुक्ला, शहर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल, अश्विन जोशी, विवेक खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे। कांग्रेस ने बेतहाशा मूल्यवृद्धि, खाने-पीने की आवश्यक वस्तुओं पर GST और अग्निपथ योजना के खिलाफ संभाग आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है।