सिंधिया के गढ़ में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, अशोकनगर में आज हुंकार भरेंगे कमलनाथ-दिग्विजय

गुना के अशोकनगर में कांग्रेस का संविधान बचाओ सभा, कमलनाथ और दिग्विजय सिंह करेंगे संबोधित, हजारों के संख्या में कार्यकर्ता पहुंच रहे अशोकनगर

Updated: Sep 15, 2023, 08:54 AM IST

अशोकनगर। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी है। कांग्रेस आज सिंधिया के गढ़ अशोकनगर में शक्ति प्रदर्शन करेगी। यहां पीसीसी चीफ कमलनाथ और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह संविधान बचाओ सभा को संबोधित करेंगे। 

कांग्रेस की इस सभा में आसपास के जिलों से हजारों लोग शामिल होंगे। सभास्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जुटान शुरू हो गया है। जानकारी के मुताबिक कमलनाथ और दिग्विजय सिंह करीब 11 बजे अशोक नगर पहुंचेंगे। यहां मीडिया से बातचीत के बाद वे मंडलम सेक्टर प्रकोष्ठ सेल की मीटिंग में शामिल होंगे। इसके बाद संविधान बचाओ सभा को संबोधित करेंगे।

ग्वालियर-चंबल संभाग में ज्योतिरादित्य सिंधिया का वर्चस्व माना जाता है। गुना, शिवपुरी, अशोक नगर सिंधिया का पुराना लोकसभा क्षेत्र भी है। वह यहां से लम्बे समय तक सांसद रहे हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया के पुराने लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस की यह पहली बड़ी सभा है। जिसको लेकर कांग्रेस के सीनियर लीडर्स ने बैठक कर पार्टी के नेताओं और संगठनों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस के इस कार्यक्रम के दौरान कई भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कांग्रेस की सदस्यता ले सकते हैं। भाजपा के कई असंतुष्ट पदाधिकारी कांग्रेस नेताओ के संपर्क में हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी का ये शक्ति प्रदर्शन आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी की मुश्किलें बढ़ा सकता है।