कृषि विवि में कुलपति नियुक्ति पर विवाद, नेता प्रतिपक्ष बोले- गलत नियुक्ति है, हम हाईकोर्ट जाएंगे

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के ससुर हैं जबलपुर कृषि विश्वविद्यालय के नव नियुक्त कुलपति डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा

Updated: Nov 19, 2022, 03:16 AM IST

जबलपुर। जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय का नया कुलपति डॉ प्रमोद कुमार मिश्रा को बनाया गया है। प्रमोद कुमार मिश्रा की नियुक्ति के बाद से प्रदेश की राजनीति गर्म है। चूंकि, मिश्रा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के ससुर हैं, कांग्रेस ने इसे परिवार वाद बताया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने तो कोर्ट जाने की भी बात कही है।

नेता प्रतिपक्ष ने शुक्रवार को पीसीसी मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि नव नियुक्त कुलपति डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के ससुर हैं। यह नियुक्ति सरासर गलत है। वह इस मामले को हाईकोर्ट तक लेकर जाएंगे। बीजेपी वाले सिर्फ अपनों की भर्ती कर रहे हैं। डॉ सिंह ने आगे कहा कि इस मामले पर पीएम मोदी को पत्र लिखकर पूछेंगे कि 'न खाऊंगा न खाने दूंगा' पॉलिसी का क्या हुआ?

यह भी पढ़ें: इंदौर में राहुल गांधी को बम से उड़ाने की धमकी, कांग्रेस बोली- बीजेपी हर हथकंडे अपना रही है, हम डरने वाले नहीं

बता दें कि वीडी शर्मा के ससुर की नियुक्ति का आदेश गुरुवार को जारी हुआ। कुलाधिपति मंगुभाई पटेल ने आदेश जारी करते हुए लिखा कि अधिनियम, 1963 की धारा 15 की उपधारा (1) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा को जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर का कुलपति नियुक्त करता हूँ। जारी आदेश में डॉक्टर प्रमोद कुमार मिश्रा को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अगले पांच वर्ष के लिए कुलपति नियुक्त किया गया है।

संयोग की बात यह कि वीडी शर्मा की पत्नी स्तुति पहले से ही इसी विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। लेकिन इन्हें भोपाल में समन्वयक के रूप में पदस्थ कर दिया गया है। अब स्तुति के पिता कुलपति हो गए हैं। इससे पहले भी जो कुलपति थे। वे तत्कालीन कृषि मंत्री गौरीशंकर बिसेन के रिश्तेदार थे। इस प्रकार जेएनकेविवि में अपनों को उपकृत करने का सिलसिला काफी पहले से चला आ रहा है।