Bhopal: लॉकडाउन के पहले दिन सख्ती से शहर बंद
Lockdown in Bhopal: शहर में एक्टिव मरीजों की संख्या 1568 पार, बाज़ार बंद, बाहर निकलने पर पाबंदी

भोपाल। राजधानी भोपाल में बीती रात से 10 दिन का टोटल लॉकडाउन है। आज लॉकडाउन के पहले दिन पुलिस ने सख्ती से बंद करवाया है। बाज़ार पूरी तरह बंद हैं। लोगों के घर से बाहर निकलने पर टोका जा रहा है। सुबह दूध, अख़बार का हाई वितरण हुआ। सब्जी दुकानें भी बंद हैं। राजधानी में बैंक भी लोगों के लिए बंद रहेंगे।
भोपाल में 24 जुलाई की रात आठ बजे से लागू लॉकडाउन चार अगस्त सुबह पांच बजे तक रहेगा। इस दौरान राज्य स्तरीय कार्यालय खुलेंगे। इनमें अधिकारियों की उपस्थिति रहेगी लेकिन कर्मचारी तीस फीसदी ही बुलाए जाएंगे। कार्यालय आने वालों के लिए मास्क लगाना और शारीरिक दूरी का पालन करना अनिवार्य होगा।लोगों को घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं रहेगी।
ग़ौरतलब है कि भोपाल में कोरोना संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। रोज़ ही 100 से ज़्यादा पॉज़िटिव केस सामने आ रहे हैं। अब शहर में एक्टिव मरीजों की संख्या 1568 पर पहुंच गई है।
ये हैं बंद
भोपाल नगर निगम सीमा में आने-जाने पर प्रतिबंध
सभी प्राइवेट ऑफिस और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद
परिवहन सेवाएं निजी बसें, टैक्सी, ऑटो, रिक्शा, ई-रिक्शा का संचालन बंद
सभी स्कूल-कॉलेज, शिक्षण संस्थान, कोचिंग इंस्टीट्यूट बंद रहेंगे.
सभी सिनेमाघर, जिम, स्विमिंग पूल, पार्क, बार, ऑडिटोरियम और असेंबली हॉल बंद
सभी होटल, रेस्टोरेंट, शॉपिंग मॉल, सभी धार्मिक स्थल बंद