मध्य प्रदेश की पॉवर मैनेजमेंट कंपनी के सर्वर पर सायबर अटैक, पांच दिन से ठप हैं सारे कामकाज

सर्वर के हैक होते ही शासकीय कंपनी PMC का पूरा सिस्टम ठप हो गया है। बिजली की खरीदी और बेचने की जानकारी लीक होने का भी अंदेशा है।

Updated: May 26, 2023, 04:32 PM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर मैनेजमेंट कंपनी (PMC) के सर्वर पर साइबर अटैक हुआ है। साइबर अटैक होने के चलते कंपनी में पिछले 5 दिनों से पूरी तरह कामकाज ठप पड़ा है। कंपनी के ऑफिस में इंटरनेट व्यवस्था भी पूरी तरह ठप हो चुकी है। साथ ही कंपनी के अकाउंट पर भी खतरा मंडरा रहा है। पांच दिन से कंपनी की आईटी सेल मामले का पता लगाने में जुटी है, लेकिन उसके हाथ कोई पुख्ता जानकारी नहीं लगी है। ऐसे में अब मामले की शिकायत थाने में कराई गई है।

कंपनी ने जबलपुर के गोरखपुर पुलिस थाने में इस मामले की औपचारिक शिकायत की है। शिकायत में भी सर्वर पर साइबर अटैक होने का जिक्र किया गया है। शिकायत के बाद मध्य प्रदेश सायबर पुलिस तफ्तीश में जुट गई है। सायबर अटैक के कारण बिजली की खरीदी और बेचने की जानकारी लीक होने का भी अंदेशा है।

यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति को आमंत्रित नहीं करना पूरे आदिवासी समुदाय का अपमान, दिग्विजय सिंह ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

जानकारी के मुताबिक पीएमसी के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा इसी सर्वर का उपयोग किया जाता है। इसमें अकाउंट, बिजली खरीदी-बिक्री, मानव संसाधन, स्थापना समेत अन्य कई काम किए जाते हैं। कंपनी के सर्वर को अचानक मंगलवार हैकर्स के द्वारा हैक कर लिया गया। सर्वर के हैक होते ही कंपनी का पूरा सिस्टम ठप हो गया है। 

मामले पर पीएमसी के सीजीएमए एचआरए राजीव गुप्ता ने कहा, "कंपनी के सर्वर में गड़बड़ी के चलते किसी भी प्रकार के काम नहीं हो पा रहे हैं। मानव संसाधन से लेकर सारे काम प्रभावित हो रहे हैं। सर्वर में तकनीकी खराब होने की जानकारी आईटी विभाग ही दे सकता है।"