Damoh Bus Accident: रीवा से इंदौर जा रही बस पलटी, दर्जन भर यात्री घायल

MP Bus Accident: मजदूरों को रीवा से इंदौर ले जा रही यात्री बस, हादसे में एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल, ड्राइवर कंडक्टर फरार

Updated: Sep 06, 2020, 01:07 AM IST

दमोह। यात्रियों को लेकर इंदौर से रीवा जा रही बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिर गई। हिंडोरिया थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में एक दर्जन यात्री घायल हो गए हैं। बस के खाई में गिरने के बाद से ही बस का ड्राइवर और कंडक्टर फरार हो गए। हादसे की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। यह हादसा सुबह करीब 5 बजे के आसपास दमोह के आनू फाटक मोड़ के पास हुआ। जहां बस बेकाबू होकर खाई में गिर गई। इस बस में करीब 30 यात्री सवार थे।

बस के खाई में गिरते ही चीख पुकार मच गई। बस के यात्रियों को पहले तो समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ अचानक तेज झटका लगा और लोग एक दूसरे के उपर गिरने लगे। यात्रियों ने देखा की बस तो खाई में गिरी है। लोगों ने शोर मचाना शुरु किया जिसके बाद डायल 100 को खबर की गई। यात्रियों की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने लोगों को रेस्क्यू किया और घायलों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया। इन घायलों में महिलाएं भी शामिल हैं। कई घायलों को गंभीर चोट आई है, जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में किया जा रहा है।

बस का नंबर MP 30 P 3030 है। यह बस इंटरसिटी कंपनी इंदौर बताई जा रही है। हिंडोरिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। ड्राइवर और कंडक्टर की तलाश की जा रही है।