दमोह में शनि मंदिर पर चोरों की वक्रदृष्टि, चुरा ले गए शनिदेव की प्रतिमा, भक्तों में आक्रोश

शनिदेव को न्याय का देवता कहा जाता है, लेकिन दमोह में अज्ञात चोर भगवान शनिदेव की प्रतिमा ही ले उड़े, जिसके बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है।

Updated: Jun 09, 2023, 03:01 PM IST

दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां चोरों की वक्रदृष्टि शनि मंदिर पर पड़ गई। इसके बाद वे शनिदेव की प्रतिमा ही उड़ा ले गए। प्रतिमा चोरी होने की घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

मामला, तेजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बीजाडोंगरी स्थित तपोभूमि गंगा झिरिया में स्थित शनिदेव मंदिर का है। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात चोर प्रतिमा चोरी कर ले गए। शुक्रवार सुबह जब मंदिर में पूजा करने पुजारी पहुंचे तो शनिदेव की प्रतिमा गायब मिली।

यह भी पढ़ें: MP सरकार वापस लेगी कोरोना लॉकडाउन उल्लंघन के केस, 56 हजार से ज्यादा मामले थे दर्ज

बताया जा रहा है कि दो साल पहले ही तपोभूमि गंगा व झिरिया में शनिदेव का छोटा सा मंदिर बनाकर प्रतिमा की स्थापना की गई थी। यहां पर अन्य मंदिर हैं, जिनमें ताले डले रहते हैं। लेकिन शनिदेव के बिना ताले के मंदिर प्रतिमा पर ही चोरों की वक्र दृष्टि पड़ गई।

शनिदेव को न्याय का देवता कहा जाता है, लेकिन दमोह में अज्ञात चोर भगवान शनिदेव की प्रतिमा ही ले उड़े। इस अजीबो-गरीब चोरी के मामले को लेकर श्रद्धालुओं में व काफी आक्रोश है।