दीपक खरे भोपाल अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष निर्वाचित, 136 वोटों से राजेश व्यास को दी शिकस्त

उपाध्यक्ष पद के लिए संजय कुमार श्रीवास्तव निर्वाचित हुए हैं। जबकि सचिव पद पर मनोज श्रीवास्तव ने बाजी मारी है।

Updated: Jan 10, 2024, 09:55 AM IST

भोपाल। भोपाल जिला अधिवक्ता संघ (बार काउंसिल) के चुनाव का रिजल्ट मंगलवार देर शाम घोषित हो गया। दीपक खरे अध्यक्ष तो मनोज श्रीवास्तव बार काउंसिल के सचिव चुने गए हैं। दीपक खरे ने कड़े मुकाबले में राजेश व्यास को ये चुनाव हराया।

बार काउंसिल अध्यक्ष पद के लिए दीपक खरे को कुल 1482 वोट प्राप्त हुए हैं। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी राजेश व्यास को 1346 वोट प्राप्त हुए। व्यास 136 वोटों से चुनाव हार गए। उपाध्यक्ष पद पर संजय कुमार श्रीवास्तव ने 1015 वोट प्राप्त कर जीत दर्ज की है। वहीं, सचिव पद पर मनोज श्रीवास्तव ने बाजी मारी है। वे 610 मतों से विजयी हुए। उन्होंने 1317 वोट हासिल कर मयूर चालिसगांवकर को शिकस्त दी।

उप सचिव पद पर सोनल नायक को कुल 962 वोट प्राप्त हुए हैं। वे 405 वोटों से विजयी हुए। बृज बिहारी रघुवंशी कोषाध्यक्ष चुने गए हैं। उन्हें 1958 वोट मिले। उन्होंने प्रदीप कुमार दुबे (851 वोट) को 1107 वोट से शिकस्त दी। साथ ही, लाइब्रेरियन पद के लिए सुधीर दुबे को 1191 वोट हासिल हुए हैं। उन्होंने समय लाल पटेल (767 वोट) को 424 वोट से शिकस्त दी है।

बता दें, कुल 30 पदों के लिए 8 जनवरी को वोटिंग हुई थी। जिसमें 6 पदाधिकारी और 24 कार्यकारिणी सदस्य हैं। बुधवार को कार्यकारिणी सदस्यों की मतगणना होगी। बार काउंसिल अध्यक्ष बनने के बाद दीपक खरे ने अधिवक्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मैंने पहले भी कुछ काम किए हैं। जो काम रह गए हैं उन्हें भी 2 माह के अंदर पूरा करूंगा