Vimala Sharma Death: पूर्व राष्ट्रपति शंकरदयाल शर्मा की पत्नी का निधन
Coronavirus India: दिल्ली में सबसे ज्यादा उम्र में कोरोना को मात देने वाली महिला बनी थीं पूर्व राष्ट्रपति शंकरदयाल शर्मा की पत्नी विमला शर्मा

नई दिल्ली। देश के पूर्व राष्ट्रपति शंकर दयाल शर्मा की पत्नी विमला शर्मा का शनिवार को निधन हो गया। वे 93 साल की थीं। जून महीने में कोरोना को मात देकर वे दिल्ली में सबसे ज्यादा उम्र में कोरोना को मात देने वाली महिला बनीं थीं। वे कोरोना के इलाज के लिए 18 दिन एम्स में भर्ती थीं। उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट की आवश्यकता नहीं पड़ी थी।
पत्नी विमला शर्मा का अंतिम संस्कार 16 अगस्त को 11 बजे नई दिल्ली के लोधी रोड स्थित श्मशान घाट पर होगा। श्रीमती शर्मा के निधन के बाद भोपाल में उनके पैतृक निवास क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि भारत के पूर्व राष्ट्रपति दिवंगत डॉ.शंकर दयाल शर्मा की धर्मपत्नी श्रीमती विमला शर्मा जी के दुःखद निधन का समाचार प्राप्त हुआ। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएँ। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणो में स्थान व पीछे परिजनो को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि श्रीमती विमला शर्मा अनेक सामाजिक संस्थाओं से भी जुड़ी रहीं। उनके सेवा कार्य याद किए जाएंगे। विशेष रुप से वे भोपाल और रायसेन जिलों में विभिन्न संस्थाओं से जुड़ी थीं। मुख्यमंत्री चौहान ने शोकाकुल शर्मा परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पूर्व राष्ट्रपति शंकर दयाल शर्मा की पत्नी विमला शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने अपने ट्वीट संदेश में कहा है कि “पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा की पत्नी विमला शर्मा के निधन के बारे में सुनकर दुःख हुआ। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं।”
पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा की पत्नी श्रीमती विमला शर्मा जी के निधन के बारे में सुनकर दुःख हुआ। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं।
— President of India (@rashtrapatibhvn) August 15, 2020
देश के उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने भी विमला शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।उपराष्ट्रपति ने एक संदेश में कहा है कि "पूर्व राष्ट्रपति डॉ शंकर दयाल शर्मा जी की धर्मपत्नी श्रीमती विमला शर्मा जी के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। शोक संतप्त परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को आशीर्वाद प्रदान करें।"