भोपाल में भीम आर्मी का शक्ति प्रदर्शन, चंद्रशेखर बोले- संविधान का राज चलेगा, सारा बहुजन साथ चलेगा

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने MP में रविदास मंदिर के लिए 100 करोड़ रुपए की घोषणा की, क्यों नहीं दिए अब तक? इन घोषणाओं से पेट नहीं भरेगा, हम इनसे थक चुके हैं: चंद्रशेखर रावण

Updated: Feb 12, 2023, 12:24 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आज दलित, आदिवासी और पिछड़ा वर्ग के संगठनों का बड़ा शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। इस जनांदोलन में भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर रावण भी शामिल हुए। चंद्रशेखर ने मंच से सीएम शिवराज सिंह चौहान को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि एक महीने में मांगें पूरी नहीं हुईं, तो दोबारा इससे भी बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।

भेल मैदान में जुटे लाखों की भीड़ को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि, "सामाजिक न्याय यात्रा का यह पहला चरण है। चुनाव तक ऐसी कम से कम 5 यात्राएं होंगी। हर यात्रा के बाद दोगुने सैलाब के साथ यहां आएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने MP में रविदास मंदिर के लिए 100 करोड़ रुपए की घोषणा की, पिछली घोषणा की थी उज्जैन में 50 लाख रुपए की, क्यों नहीं दिए अब तक? इन घोषणाओं से पेट नहीं भरेगा, हम इनसे थक चुके हैं। हम दलित, पिछड़े, आदिवासी भी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। आगे का कदम सत्ता के लिए होगा। संविधान का राज चलेगा, सारा बहुजन साथ चलेगा।" 

चंद्रशेखर ने आगे कहा, "52% OBC को 27% आरक्षण क्यों, पूरा 52% मिलना चाहिए। 2 अप्रैल 2018 के जो मुकदमे शेड्यूल ट्राइब पर हुए हैं, उसे वापस लें। स्कूल अथिति शिक्षकों और आशा कार्यकर्ताओं को नियमित किया जाना चाहिए। कोरोनाकाल में काम करने वाले कर्मचारियों को नियमित करना चाहिए। निजीकरण के नाम पर सरकारी संस्थाओं को बेचने का काम बंद होना चाहिए। निजीकरण के सहारे आरक्षण को खत्म करने का खेल खत्म हो जाना चाहिए। पुलिस डिपार्टमेंट में वीकली ऑफ लागू किया जाए। पुरानी पेंशन लागू की जाए। किसी सफाई कर्मचारी की सीवर में जान जाती है, तो उसके परिवार को 1 करोड़ की राशि और एक सदस्य को सरकारी नौकरी मिलनी चाहिए।"

भीम आर्मी द्वारा आयोजित यह आंदोलन जातिगत जनगणना कराने, प्रदेश सरकार से प्रमोशन में आरक्षण का कानून बनवाने, आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करवाने जैसी 15 से ज्यादा मांगों को लेकर था। इसमें शामिल होने प्रदेशभर से हजारों की संख्या के दलित, आदिवासी और ओबीसी समुदाय के लोग भोपाल पहुंचे थे। भेल ग्राउंड पर लगभग 50 हजार लोगों की भीड़ मौजूद थी। हालांकि, आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार आस्तेय ने प्रदर्शन में 5 लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया।

यह भी पढ़ें: हिंदू राष्ट्र बनाने का भ्रम न पालें, यह देश संविधान से चलेगा: भोपाल में बहुजनों ने भरी हुंकार

चंद्रशेखर के अलावा OBC नेता प्रीतम लोधी, व्यापम कांड के व्हिसिल ब्लोअर डॉ. आनंद राय भी इस आंदोलन में शामिल हुए। प्रदर्शन में आए सरजीत सिंह ने कहा, "मैं उत्तर प्रदेश सरकार में जाट कमिश्नर के पद पर था। मैंने इस्तीफा दे दिया है। बहुजन समाज की लड़ाई में आ गया हूं। हमारा लक्ष्य इस देश में बहुजन की सरकार बनाना है। कुछ लोगों को लगता है कि हिंदू राष्ट्र बना लेंगे, तो यह उनकी गलतफहमी है। देश संविधान से चलेगा। एक भी दलित, SC/ST, OBC, मुसलमानों को कोई भी परेशानी हुई तो हम ईंट से ईंट बजा देंगे।"