बीएसपी MLA रामबाई के पति के नाम गिरफ्तारी का वारंट, देवेंद्र चौरसिया हत्याकांड से जुड़ा मामला

रामबाई के पति गोविंद सिंह पर कांग्रेस नेता देवेंद्र चौरसिया की 2019 में हुई हत्या के मामले में केस दर्ज है, इसी मामले में रामबाई का देवर भी जेल में बंद है

Updated: Jan 09, 2021, 10:52 PM IST

Photo Courtesy: Desh Gaao
Photo Courtesy: Desh Gaao

भोपाल। बीएसपी विधायक रामबाई की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। कांग्रेस नेता देवेंद्र चौरसिया हत्याकांड मामले में रामबाई के पति गोविंद सिंह के खिलाफ कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। कोर्ट ने गोविंद सिंह को कोर्ट में उपस्थित होने का निर्देश भी दिया है। रामबाई परिहार दमोह के पथरिया से बीएसपी की विधायक हैं।

गोविंद सिंह पर कांग्रेस नेता देवेंद्र चौरसिया और उनके बेटे सोमेश चौरसिया पर हमला करने का आरोप है। मामला मार्च 2019 का है। इसी हमले में देवेंद्र चौरसिया की जबलपुर में मौत हो गई थी। विधायक रामबाई के पति के अलावा इस हत्याकांड में उनके देवर शैलेंद्र उर्फ चंदू, भाई लोकेश और अन्य लोगों पर भी आरोप लगा था। बाकी सभी आरोपी इस मामले में जेल में हैं, जबकि रामबाई के पति गोविंद सिंह फरार हो गए थे।

कांग्रेस नेता देवेंद्र के बेटे सोमेश चौरसिया ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। साथ ही उन्होंने हटा न्यायालय में भी अर्जी लगाई थी। जिसके बाद हटा कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। गोविंद सिंह पर पहले से 17 केस दर्ज हैं। फिलहाल वह सुप्रीम कोर्ट से जमानत पर जेल से बाहर है। गोविंद सिंह की गिरफ्तारी नहीं होने पर लगातार सवाल खड़े किए जा रहे थे। पीड़ित परिवार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए थे।