धार में पुलिस कांस्टेबल ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, उपचार के दौरान हुई मौत

धार के निसरपुर चौकी के हेड कांस्टेबल ने आत्महत्या की है, आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है

Updated: Jan 06, 2021, 06:05 PM IST

Photo Courtesy: NDTV
Photo Courtesy: NDTV

धार। धार जिले के अंतर्गत आने वाले निसरपुर चौकी के हेड कांस्टेबल राजकुमार रघुवंशी ने आत्महत्या कर ली है। बुधवार सुबह करीबन 7.45 बजे रघुवंशी ने खुद को गोली मार ली। रघुवंशी ने पुलिस थाने के मालखाने में जाकर खुद के सीने में गोली मार ली। उपचार के दौरान हेड कांस्टेबल की मौत हो गई।

हेड कांस्टेबल के खुद को गोली मारने के बाद उन्हें आनन फानन में निसरपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इसके बाद राजकुमार रघुवंशी को स्वास्थ्य केंद्र से बड़वानी ज़िला चिकित्सालय में रेफर किया गया। जहां कांस्टेबल की मौत हो गई। 

हेड कांस्टेबल की आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। 58 वर्षीय राजकुमार रघुवंशी मूलतः भिंड के अशोकनगर के रहने वाले हैं। वे पिछले दो वर्षों से निसरपुर चौकी में पदस्थ थे। वे सरकारी आवास में रहा करते थे। उनके साथ उनकी पत्नी, बेटा बहू, और पोती पोती भी रहते थे।