ध्यान रहे हमेशा गृहमंत्री का पद नहीं रहेगा, दतिया में दिग्विजय सिंह ने किया नरोत्तम मिश्रा को आगाह

जन जागरण अभियान के तहत दतिया पहुंचे दिग्विजय सिंह ने साधा गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर निशाना, बोले- ध्यान रहे... न भाजपा की सरकार हमेशा रहने वाली, न ही गृह मंत्री का पद

Updated: Nov 22, 2021, 01:25 PM IST

दतिया। मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम व कांग्रेस आंदोलन आयोजन समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह जन जागरण अभियान के तहत मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में पदयात्रा कर रहे हैं। इसी क्रम में दतिया पहुंचे कांग्रेस नेता ने गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को आगाह करते हुए कहा कि न तो वे हमेशा गृह मंत्री नहीं रहेंगे और न ही बीजेपी की सरकार।

जानकारी के मुताबिक राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह 21 नवंबर को देर रात दतिया पहुंचे थे जहां वे ग्राम बिलौनी व खदरावनी में जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। दतिया विधानसभा क्षेत्र के उपरांय में ही रात्रि विश्राम के बाद सुबह वे ग्रामीणों के साथ प्रभात फेरी में शामिल हुए और जनता से उनकी समस्याओं पर चर्चा की। इस पूरे पदयात्रा के दौरान सिंह स्थानीय विधायक व प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर हमलावर रहे।

यह भी पढ़ें: ट्रैक्टर से युवक को कुचलने का मामला, वीडियो पोस्ट करने पर कांग्रेस नेता गिरफ्तार

दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया की यहां नरोत्तम मिश्रा के इशारे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ फर्जी एफआईआर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, 'गृह मंत्री मिश्रा राजनीति के स्तर को इतना नीचे न गिराएं। सिंह ने एक अन्य जन संवाद कार्यक्रम के कहा कि वे भी 10 साल मुख्यमंत्री रहे हैं लेकिन कभी भी उन्होंने किसी बदले की भावना से भाजपा नेताओं को प्रताड़ित नहीं किया। लेकिन नरोत्तम मिश्रा नाज़ायज़ फायदा उठाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित कर रहे हैं।'

सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि वे हर परिस्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ हैं। उन्होंने नरोत्तम मिश्रा को आगाह करते हुए कहा कि ध्यान रहे न भाजपा की सरकार हमेशा रहने वाली है  और न ही वे हमेशा गृह मंत्री रहेंगे। दिग्विजय सिंह ने जन संवाद के दौरान जन जागरण अभियान की प्रासंगिकता भी समझाई कि आखिर क्यों कांग्रेस पार्टी पूरे देश में ये अभियान चला रही है। उन्होंने बढ़ती महँगाई पर अंकुश लगाने के लिए जनता से समर्थन मांगा।

यह भी पढ़ें: सोनिया गांधी से फिर मिले कमलनाथ, MP में वन मैन वन पोस्ट लागू होने की अटकलें तेज

सिंह ने अपील करते हुए कहा कि सभी लोग महँगाई के खिलाफ चलाये जा रहे कांग्रेस के अभियान में शामिल हों ताकि बेलगाम हो चुकी बीजेपी सरकारों पर नकेल कसी जा सके। दतिया प्रवास के दौरान दिग्विजय सिंह जन जागरण पद यात्रा के तहत ग्राम उपरांय से ग्राम बड़ौनी तक करीब 18 किलोमीटर पैदल चले। उन्होंने लोगों को जन जागरण अभियान से जुड़ने के लिए टोल फ्री नम्बर 1800212000011 पर मिस्ड कॉल देने व इस अभियान से जुड़ने की पूरी प्रक्रिया भी समझाई। यहां से दिग्विजय सिंह जन जागरण अभियान के अगले पड़ाव में पन्ना के लिए रवाना हुए।