मक्खी मारने के लिए हथौड़ा न चलाएं, दिल्ली मेट्रो पूरी तरह बंद करने पर SC का केंद्र सरकार को फटकार

सीजेपी के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में रेल सेवा, मेट्रो समेत कई चीजों पर पाबंदियां लगाई गई है, जिस पर कोर्ट ने चिंता जताई है।

Updated: Oct 09, 2026, 07:07 PM IST

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी के शनिवार को होने वाले प्रदर्शन को लेकर ज्यादा सख्ती पर सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को फटकार लगाई। CJI सूर्यकांत ने कहा केंद्र सरकार से कहा कि आपको कुछ चीजों को रोकना ही होगा। उन्हें रोकने के लिए सिर्फ उतनी ही कार्रवाई करें जितनी जरूरी हो।

CJI ने कहा कि इसका मतलब यह नहीं कि आप मक्खी मारने के लिए हथौड़े का इस्तेमाल करें। इस बात का हमेशा ध्यान रखा जाना चाहिए। इसी के साथ कोर्ट ने कहा कि दिल्ली मेट्रो और ट्रेन सर्विस पूरी तरह बंद नहीं कर सकते।

दरअसल, CJP के कल होने वाले प्रदर्शन को देखते हुए आज रात 9 बजे से 57 मेट्रो स्टेशन बंद होने थे। वहीं नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन आने वाली सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें कल कैंसिल रहेंगी। रेलवे ने इन ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशनों से ही रद्द कर दिया है। इसे लेकर वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे।

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले हरियाणा में सख्ती बढ़ा दी गई है। पानीपत से दिल्ली तक रेलवे स्टेशनों के बाहर नाके लगाए गए हैं। टिकरी, बदरपुर, कापसहेड़ा और सिंघु बॉर्डर पर वाहनों की तलाशी के बाद ही आगे जाने दिया जा रहा है।