दिग्विजय सिंह के साथ रामेश्वर शर्मा के निवास पर रामधुन करेंगे कांग्रेस नेता, शर्मा ने घुटने तोड़ने की दी थी धमकी

दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस नेता मिंटो हॉल में गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण के करेंगे, इसके बाद वे रामेश्वर शर्मा के निवास की ओर कूच करेंगे

Updated: Nov 24, 2021, 03:46 AM IST

भोपाल। कांग्रेस नेताओं के घुटने तोड़ने की बात कहने वाले बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा की सद्बुद्धि के लिए आज रामधुन का पाठ होगा। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह आज रामेश्वर शर्मा के निवास पर पहुंच कर रामधुन करेंगे। इस दौरान उनके साथ बड़ी तादाद में कांग्रेस नेताओं का एक जत्था भी रामेश्वर शर्मा के निवास स्थान पर पहुंचेगा। 

बुधवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे दिग्विजय सिंह राजभवन के सामने मिंटो हॉल स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद राज्यसभा सांसद साथी कांग्रेस नेताओं के साथ रामेश्वर शर्मा के आवास की ओर कूच करेंगे। रामेश्वर शर्मा के आवास पहुंच कर दिग्विजय सिंह के साथ कांग्रेस के तमाम नेता रामेश्वर शर्मा की सद्बुद्धि के लिए रामधुन करना शुरू कर देंगे।

दूसरी तरफ घुटने तोड़ने की धमकी देने वाले हुजूर से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने दिग्विजय सिंह के आवास पर पहुंचने की खबर सुनकर खुद घुटने टेक दिए हैं। दिग्विजय सिंह सहित अन्य कांग्रेस नेताओं के पहुंचने की खबर सुनकर रामेश्वर शर्मा ने अपने कार्यालय को रामधुन के लिए तैयार कर दिया है। बीजेपी विधायक ने अपने दफ्तर परिसर में श्री राम स्वागत द्वार, पूरे कार्यालय परिसर में भगवा झंडे और हजार लोगों के बैठने की व्यव्स्था तक कर दी है। इतना ही नहीं रामेश्वर शर्मा ने रामधुन करने के बाद कांग्रेस नेताओं के लिए प्रसाद के तौर पर पूड़ी और हलवा का भी प्रबंध किया है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने इसे हिंसा पर अहिंसा की जीत करार दिया है।

राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने हाल ही में रामेश्वर शर्मा द्वारा दी गई धमकी के बाद उनके आवास पहुंच कर रामधुन करने का एलान किया था। कांग्रेस नेता ने कहा था कि मैं कांग्रेसी हूं, जिसमें ताकत हो वो मेरे घुटने तोड़ कर दिखाए। कांग्रेस नेता ने कहा था कि वे एक गांधीवादी हैं, इसलिए हिंसा का जवाब अहिंसा से देंगे। दिग्विजय सिंह ने रामेश्वर शर्मा के घर पर रामधुन करने का एलान करते हुए कहा था कि 24 नवम्बर को मैं महात्मा गांधी की मूर्ति से रामेश्वर शर्मा के घर जाऊंगा। वहां पर प्रभु से उन्हें सद्बुद्धि देने के लिए एक घंटे तक रामधुन करूंगा।

यह भी पढ़ें : जिसमें ताकत हो मेरे घुटने तोड़े, घर में घुसकर रामधुन करूंगा, दिग्विजय सिंह ने BJP MLA को दी खुली चुनौती

हाल ही में रामेश्वर शर्मा ने भड़काऊ बयानबाजी करते हुए कांग्रेस नेताओं को घुटने तोड़ने की बात कही थी। रामेश्वर शर्मा का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे लोगों को संबोधित करते हुए यह कह रहे थे कि कांग्रेस का कोई भी आदमी इधर आए तो उसके घुटने तोड़ दो। यहां नेतानगिरी नहीं करना। रामेश्वर शर्मा की इस भड़काऊ बयानबाजी को लेकर कड़ा विरोध हुआ था। कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने इसे सत्ता का अहंकार करार दिया था।