मध्य प्रदेश के बीना में डॉक्टर दंपती ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट में कर्ज से परेशान होने का जिक्र

घर में ही डॉक्टर दंपत्ति के शव मिले हैं। पति का शरीर पंखे से लटका हुआ था। वहीं, पत्नी का शव पलंग पर था।

Updated: Jan 20, 2024, 04:53 PM IST

बीना। मध्य प्रदेश के बीना से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक डॉक्टर दंपत्ति ने आत्महत्या कर ली। घर में ही दंपत्ति के शव मिले हैं। पति का शरीर पंखे से लटका हुआ था। वहीं, पत्नी का शव पलंग पर था। घर से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें कर्जदारों से परेशान होकर जान देने की बात लिखी है।

पुलिस के मुताबिक, डॉ. बलवीर कैथोरिया और उनकी पत्नी डॉ. मंजू कैथोरिया खुरई रोड स्थित नंदन वाटिका कॉलोनी में रहते थे। डॉ. बलवीर विदिशा के कुरवाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ थे। वहीं, डॉ. मंजू बीना सिविल अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ थीं।

डॉक्टर दंपत्ति का इकलौता बेटा प्रतीक बिहार में पटना से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। वह शनिवार सुबह करीब 7 बजे बीना लौटा तो घटना का पता चला। उसने रात करीब 10 बजे अपने पिता से बात की थी जब वह पटना से बीना के लिए निकला था। थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर ने बताया कि सागर से एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच गई है। फिलहाल, हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक डॉ बलबीर व मंजू कैथोरिया के एक पुत्र व एक पुत्री थी। 18 वर्षीय बेटी पूर्वा कैथोरिया ने तीन साल पहले अपने कमरे में फंदे पर झूलकर जान दे दी थी। वह मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी। जांच के बाद उसके डिप्रेशन में होने की बात सामने आई थी।