मध्य प्रदेश के सिवनी में देर रात भूकंप के झटके

पिछले एक महीने में चौथी बार भूकंप के तेज़ झटके महसूस किए गए हैं, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.7 रही

Updated: Nov 22, 2020, 04:32 PM IST

Photo Courtesy: Naidunia
Photo Courtesy: Naidunia

सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी में 21-22 नवंबर की दरमियानी रात तकरीबन 1.45 बजे मुख्यालय सहित आसपास के गांव में तीव्र भूकंप से लोगों की नींद टूट गई। पूरा घर हिलता देख गहरी नींद से जागे लोग घरों के बाहर निकल गए। कड़ाके की ठंड ने लोगों को घरों में वापस लौटने पर मजबूर कर दिया। पिछले लगभग एक महीने में चार बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं।

रविवार देर रात आया भूकंप का झटका जिले में इससे पहले आए सभी भूकंप में सबसे तेज व अधिक समय तक महसूस किया गया। हालांकि इस भूकंप से कोई बड़ा नुकसान होने की खबर फिलहाल नहीं हैं। भूकंप के डर ने लोगों का सोना मुश्किल कर दिया। नेशनल सेंटर फार सिस्मोलॉजी की बेवसाइड में दर्ज जानकारी के मुताबिक सिवनी में 22 नवंबर को 1.45 बजे रिक्टर स्केल पर 4.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र सतह से 10 किलोमीटर की गहराई में बताया गया हैं। 

शहर के सभी क्षेत्रों में भूकंप महसूस किया गया। जिला मुख्यालय के अलावा बरघाट, कुरई में भी लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। जोरदार भूकंप से लोगों में दहशत का माहौल हैं। रात में घरों से बाहर निकले लोग कड़ाके की ठंड में आग जला कर आग तापते नजर आए। 27 अक्टूबर को रिक्टर स्केल पर सिवनी में पहला भूकंप 3.3 तीव्रता का दर्ज किया गया था। इसके बाद 31 अक्टूबर को दिन में दो बार 3.1 व 3.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।