थ्री लेयर सिक्योरिटी के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में EVM, राजगढ़ में 24 घंटे पहरा दे रहे कांग्रेस कार्यकर्ता

कांग्रेस कार्यकर्ता भी 24 घंटे दिन रात स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर बैठकर तीन शिप्ट में निगरानी कर रहे हैं। बता दें, कि मतगणना 4 जून को होगी। तब तक ईवीएम मशीनों की सुरक्षा पर प्रशासन का पूरा ध्यान फोकस है।

Updated: May 10, 2024, 05:37 PM IST

राजगढ़। मध्य प्रदेश की सबसे हॉट सीट राजगढ़ में चुनाव संपन्न होने के बाद अब कांग्रेस कार्यकर्ता स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी में जुटे हुए हैं। चुनाव आयोग व जिला प्रशासन ने स्ट्रॉन्ग रूम में रखी EVM मशीनों को तीन लेयर की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखवाया है। 

राजगढ़ के स्टेडियम के आसपास भारी संख्या में स्थानीय पुलिस बल के साथ एएसएफ (ASF) और सीआरपीएफ (CRPF) के जवानों को तैनात किया है। साथ ही परिसर के आसपास 50 सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए गए हैं। इसके साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ता भी 24 घंटे दिन रात यहां बैठकर तीन शिफ्ट में निगरानी कर रहे हैं। 

और पढ़ें: BJP गुमराह पार्टी है, इनके पास न कोई नीति है न नीयत, पूर्व सीएम कमलनाथ का भाजपा पर हमला

राजगढ़ में वोटिंग 7 मई को हुई थी। वहीं, मतगणना की तिथि 4 जून को नियत है। ऐसे में तब तक ईवीएम मशीनों की सुरक्षा पर प्रशासन से लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का पूरा ध्यान केंद्रित है। कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि स्ट्रॉन्ग रूम में आने वाले प्रत्येक अधिकारी कर्मचारी की एंट्री रजिस्टर में की जाए चाहे वो कोई भी हो। इसके अलावा प्रशासन की ओर से स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर फायर ब्रिगेड को भी तैनात किया गया है।

राजगढ़ ADM शिव प्रसाद मंडराह ने बताया कि स्ट्रॉन्ग रूम में जहां EVM रखी है, वहां थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। फर्स्ट लेयर में CRPF के जवान सुरक्षा में लगे हुए हैं, जो 24 घंटे सुरक्षा का पहरा दे रहे हैं, इसके बाद सेकेंड लेयर और उसके बाद थर्ड लेयर लगा हुआ है। दोनों पार्टी के लोगों को सीसीटीवी कैमरे के पास दिन रात बैठने के लिए पास जारी किए गए है, जितनी देर उनकी इच्छा हो वो यहां पर बैठ सकते हैं।