महाराज जब कांग्रेस में थे तो यहां गुटबाजी थी, BJP में गए तो उधर गुटबाजी शुरू: सिंधिया पर जयवर्धन सिंह का तंज

जब से महाराज का प्रवेश भाजपा में हुआ है, तब से नरोत्तम मिश्रा भी असंतुष्ट हैं, वीडी शर्मा अलग चल रहे है, मामू अलग चल रहे हैं, महाराज अलग चल रहे हैं, कैलाश विजयवर्गीय अलग ही रोल में हैं: जयवर्धन सिंह

Updated: Sep 25, 2022, 08:57 AM IST

निवाड़ी। मध्य प्रदेश कांग्रेस के युवा विधायक जयवर्धन सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा है। सिंह ने बीजेपी में अंदरूनी कलह के लिए महाराज को जिम्मेदार करार दिया है। उन्होंने कहा कि सिंधिया जहा कांग्रेस में थे तब हमारी पार्टी में गुटबाजी थी। जब से भाजपा में गए हैं, उधर गुटबाजी शुरू हो गई है।

जयवर्धन सिंह शनिवार को कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेने के लिए निवाड़ी जिले की पर्यटन नगरी ओरछा पहुंचे थे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता बालकृष्ण दुबे के आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि, 'जब से महाराज का भाजपा में प्रवेश हुआ है, तब से आप देख सकते है कि भाजपा की क्या स्थिति हुई है। हमारे गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी असंतुष्ट हैं, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा अलग चल रहे हैं, मामू अलग चल रहे हैं, महाराज अलग चल रहे हैं। कैलाश विजयवर्गीय अलग ही रोल में है। चर्चा है कि भाजपा के भी तीन गुट हो गए हैं। एक है शिवराज भाजपा, दूसरी महाराज भाजपा और तीसरी नाराज भाजपा।'

यह भी पढ़ें: भर्ती सत्याग्रह का पांचवां दिन: पुलिस की नोटिस पर भड़के युवा, बोले- मूंगफली में दाना नहीं, शिवराज हमारा मामा नहीं

कांग्रेस नेता ने सीएम शिवराज पर निशाना साधते हुए कहा कि, 'वे चार बार से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। उनका लंबा कार्यकाल रहा है। उनका जो कंट्रोल रहना चाहिए, वह नहीं है। जो पाप करके राज करने का प्रयास करेगा, वह कभी सफल नहीं हो पाएगा। प्रदेश की जनता ने करीब 4 साल पहले कांग्रेस पार्टी को वोट दिया था, लेकिन आज जो सरकार है वो सौदा करके बनाई गई है। जो पोषण आहार गरीब बच्चों के लिए था, गर्भवती महिलाओं के लिए था, उसे अवैध रूप से बेच दिया गया।'

जयवर्धन ने आगे कहा कि शिवराज सरकार ने हजारों करोड़ का घोटाला कर दिया। सरकार प्रदेश के गरीबों का पेट नहीं भर पा रही, लेकिन जो चीते आए, उनके लिए 200 हिरण भेजे गए। ताकि उनका पेट भरा रहे, ये स्थिति है। लंपी वायरस से गौ माताओं की मौत हो रही है, उस पर मामा कुछ नहीं बोल रहे, लेकिन उन्हें चिताओं की चिंता हो रही है।

यह भी पढ़ें: एमपी में बदहाल किसान, 6 बोरी प्याज लेकर आया था मंडी, 2 रु लेकर लौटा घर

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी दो महीने बाद मध्य प्रदेश में प्रवेश करेंगे। बुरहानपुर से मध्य प्रदेश में यात्रा की शुरुआत करेंगे। बुरहानपुर से खंडवा, इंदौर उज्जैन होते हुए यात्रा आगर मालवा होते हुए राजस्थान पहुंचेगी। यह हमारे लिए गर्व की बात होगी कि हमारे नेता राहुल गांधी 18 दिनों तक हमारे साथ रहेंगे।