रबर फैक्ट्री में लटका मिला कर्मचारी का शव, कांग्रेस नेता ने जताई हत्या की आशंका

मृतक दिनेश श्रीवास ने दिन में कलेक्टर के पास पहुंचकर शिकायत की थी, फैक्ट्री लौटने के बाद दिनेश की कहासुनी भी हुई थी, रात में दिनेश का शव फैक्ट्री के गोदाम में लटका हुआ मिला

Updated: Dec 02, 2021, 01:26 AM IST

भिंड। भिंड की रबर फैक्ट्री में कर्मचारी का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। कर्मचारी का शव फैक्ट्री के गोदाम में लटका हुआ मिला है। कर्मचारी की मौत से पहले फैक्ट्री में उसकी कहासुनी भी हुई थी। कांग्रेस नेता देवाशीष जरारिया ने कर्मचारी की हत्या की आशंका जताई है। 

मंगलवार रात को मालनपुर स्थित बद्रीनारायण फैक्ट्री में काम करने वाले दिनेश श्रीवास का शव लटका हुआ मिला था। दिन में ही दिनेश ने कलेक्टर की जनसुनवाई में रुके हुए वेतन और बोनस न मिलने के संबंध में शिकायत की थी। कलेक्टर के शिकायत करने के बाद फैक्ट्री वापस लौटने पर उसकी फैक्ट्री के भीतर कहासुनी भी हुई। जिसके बाद दिनेश अपने घर नहीं लौटा। 

शाम के पांच बजने के बाद भी जब दिनेश अपने घर नहीं लौटा तब दिनेश के परिजनों ने उसके साथियों को फोन किया। दिनेश के साथियों ने जब उसकी तलाश की तब दिनेश का शव गोदाम में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। दिनेश का शव मिलने से फैक्ट्री के हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दिनेश का शव पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले का मर्म कायम कर जांच शुरू कर दी है। 

वहीं फैक्ट्री में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई कर्मचारी की मौत की सूचना मिलने पर कांग्रेस नेता देवाशीष जरारिया भी मौके पर पहुंच गए। कांग्रेस नेता ने मृतक को न्याय दिलाने के लिए मालनपुर में चक्काजाम कर दिया। पुलिस की समझाइश के बाद कांग्रेस नेता मान गए और आम लोगों के लिए रास्ता खोल दिया गया। 

मृतक की मौत के बाद फैक्ट्री के मालिक रामविलास कटारे की ओर अंत्येष्टि के लिए बीस हजार रुपए दिए गए। जबकि परिजनों को मुआवजे के तौर पर दस लाख रुपए का चेक दिया गया।