दमोह में फसल खराब होने पर किसान ने की आत्महत्या, 12 एकड़ में लगाई उड़द की फसल हुई थी बर्बाद

जिस खेत में फसल ख़राब हुई वहीं पर किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 

Publish: Sep 14, 2023, 04:15 PM IST

दमोह। मध्य प्रदेश में एक और किसान की आत्महत्या की दुःखद खबर सामने आई है। दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र में आने वाले घुराटा गांव में एक किसान ने फांसी लगाकर जान दे दी। किसान उड़द की फसल बर्बाद होने से दुखी था। इसके पहले बीते हफ्ते मंदसौर में भी एक किसान ने फसल खराब होने के कारण आत्महत्या की थी।

जानकारी के अनुसार दमोह के घुराटा गांव के 65 वर्षीय किसान स्वरूप सिंह ने खेत में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी पुलिस को मिली तो मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को फंदे से उतारा और पंचनामा कराने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। वहीं किसान की मौत के बाद जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया। कलेक्टर मयंक अग्रवाल ने इस घटना की तत्काल जांच के निर्देश दिए।

कलेक्टर मयंक अग्रवाल ने कहा कि किसान की आत्महत्या की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जिला प्रशासन ने एसडीएम और तहसीलदार की टीम भी बनाई है। यह टीम सुसाइड केस की जांच करेगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके मुताबिक आगे कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि किसान की रबी सीजन में ओलों और बारिश के चलते भी किसान की फसल खराब हो गयी थी। अब बारिश क्षेत्र में ज्यादा होने से उसके सात एकड़ में लगी उड़द की फसल पूरी तरह खराब हो गयी। इसी से परेशान होकर किसान ने यह कदम उठाया।