श्योपुर में बाढ़ जैसे हालात, रातभर छतों पर बैठे रहे लोग, राफ्ट बोट से लोगों को किया जा रहा रेस्क्यू

श्योपुर में अपमराल नदी उफान पर है। नदी किनारे गुप्तेश्वर महादेव मंदिर के चारों ओर पानी भर गया। यहां मंदिर के पुजारी संत केशवानंद जी फंस गए, जिन्हें पुलिस प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू किया।

Updated: Jul 06, 2024, 12:15 PM IST

श्योपुर। मध्य प्रदेश में मॉनसून पूरी तरह एक्टिव हो गया है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। राज्य के कई जिलों में पिछले 24 घंटे से मूसलाधार बारिश हो रही है। श्योपुर में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

शुक्रवार रात को हुई बारिश से बड़ोदा कस्बा टापू बन गया है और बाजारों में पानी भर गया है। बड़ोदा कस्बे का संपर्क जिला मुख्यालय सहित अन्य जगहों से कट गया है। घरों में पानी भरने के कारण यहां कई लोगों ने रातभर छत पर बैठकर गुजारे।

श्योपुर के बड़ौदा नगर में राफ्ट बोट से लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है। पुलिस-प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू में जुटी है। श्योपुर में अपमराल नदी उफान पर है। नदी किनारे गुप्तेश्वर महादेव मंदिर के चारों ओर पानी भर गया। यहां मंदिर के पुजारी संत केशवानंद जी फंस गए, जिन्हें पुलिस प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू किया।

उधर, जिले मानपुर कस्बे के निचले इलाकों में भी पानी भर गया है। मानपुर कस्बे में सीप नदी का पानी आने से अस्पताल में पानी भर गया। जिससे अस्पताल के मरीजों को रेस्क्यू कर निकाला गया। मौसम विभाग ने शनिवार को भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।