ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस द्वारा आयोजित झंडावंदन कार्यक्रम में शामिल हुए पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह

भारत दुनियां का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा भारतीय संविधान की रक्षा में निहित है। वर्तमान समय लोकतंत्र के समक्ष उत्पन्न हुई चुनौतियों का समय है: दिग्विजय सिंह

Updated: Jan 26, 2024, 10:32 AM IST

राजगढ़। देश आज 75वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में झंडावंदन किया। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह राजगढ़ जिले के ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित झंडावंदन कार्यक्रम में शामिल हुए।

गणतंत्र दिवस के मौके पर ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र में वल्लभ परिसर में आयोजित राष्ट्रीय ध्वज वंदन कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश पुरोहित ने झंडा फहराया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी जी के संदेश का वाचन भी किया। पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह आम कार्यकर्ता की तरह इसमें शामिल हुए।

इससे पहले सिंह ने प्रदेश और देश के नागरिकों के नाम जारी अपने संदेश में कहा है कि भारत दुनियां का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा भारतीय संविधान की रक्षा में निहित है। वर्तमान समय लोकतंत्र के समक्ष उत्पन्न हुई चुनौतियों का समय है और संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करके ही इन चुनौतियों का सामना किया जा सकता है।

पूर्व सीएम सिंह ने इस अवसर पर लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आशा प्रकट की है कि भारत के "गण" संविधान प्रदत्त "तंत्र" को समझेंगे और गणतंत्र की अक्षुण्णता बनाए रखने में अपने नागरिक कर्तव्यों का पालन करेंगे।

बता दें कि गणतंत्र दिवस 26 जनवरी, 1950 को भारत के संविधान को अपनाने की याद दिलाता है। भारत को 1947 में ब्रिटिश राज से आजादी मिली, लेकिन 26 जनवरी, 1950 तक भारत का संविधान लागू नहीं हुआ था। संविधान सभा का पहला सत्र 9 दिसंबर, 1946 को और आखिरी सत्र 26 नवंबर, 1949 को हुआ और फिर संविधान को अपनाया गया।