विजयादशमी पर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह इंदौर में करेंगे शस्त्र पूजन, रावण दहन कार्यक्रम में भी होंगे शामिल

शनिवार को दिग्विजय सिंह इंदौर प्रगतिशील क्षत्रिय महासभा के शस्त्र पूजन व दशहरा मिलन समारोह में शामिल होंगे। शाम सात बजे वे दशहरा मैदान पर आयोजित रावण दहन समारोह में भाग लेंगे।

Updated: Oct 11, 2024, 11:53 AM IST

इंदौर। इंदौर में दशहरे के दिन सियासी हलचल तेज रहने वाली है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह दो दिवसीय इंदौर दौरे पर पहुंच रहे हैं। सिंह इस दौरान दशहरे से संबंधित अलग-अलग पूजन कार्यक्रमों में शामिल होंगे। साथ ही दशहरा मैदान पर आयोजित भव्य रावण दहन कार्यक्रम में भी शरीक होंगे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री शुक्रवार शाम चार बजे इंदौर पहुंचेंगे। शाम करीब सात बजे होटल मैरियट के पास आयोजित "काफ़िला मोहब्बत का" कार्यक्रम में शामिल होंगे। रात साढ़े 9 बजे सिंह संस्था अभियान एवं महेश नगर उत्सव समिति द्वारा आयोजित गरबा महोत्सव में शामिल होंगे।

सिंह अगले दिन यानी 12 अक्टूबर को दोपहर एक बजे प्रगतिशील क्षत्रिय महासभा, जिला इन्दौर द्वारा आयोजित परंपरागत शस्त्र पूजन एवं दशहरा मिलन समारोह में शामिल होंगे। प्रगतिशील क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिहं भदौरिया ने बताया कि वे दशहरा पर 22 वर्षों से लगातार शस्त्र पूजन का आयोजन करते आ रहे हैं। इस बार कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह रहेंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राजपूत समझ के लोग तथा क्षत्राणियां राजपूताना परिवेश में शामिल होंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री शाम सात बजे इंदौर दशहरा महोत्सव समिति द्वारा आयोजित भव्य रावण दहन समारोह में शामिल होंगे। देर रात सिंह इंदौर से ब्यावरा के लिए रवाना होंगे। उधर विजयादशमी पर सीएम मोहन यादव भी इंदौर पहुंचेंगे। वे इंदौर पुलिस द्वारा आयोजित शस्त्र पूजन समारोह में शामिल होंगे। यादव इसके बाद महेश्वर में आयोजित शस्त्र पूजन समारोह में भी जाएंगे।