राज्यपाल मंगुभाई ने 14 शिक्षकों किया सम्मानित, नर्मदापुरम की सारिका को मिलेगा राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान

मध्य प्रदेश के 14 शिक्षकों को आज राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने राज्यस्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया। वहीं नर्मदापुरम की शिक्षक सारिका को आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से नावजेंगी।

Updated: Sep 05, 2023, 01:39 PM IST

Image courtesy- Naidunia
Image courtesy- Naidunia

शिक्षक दिवस: भारत के पूर्व राष्ट्रपतिसर्वपल्ली राधाकृष्णन की याद में आज पूरा देश शिक्षक दिवस मना रहा है। मध्य प्रदेश में इस मौके पर स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह राजधानी भोपाल के प्रशासन अकादमी में आयोजित किया जा रहा है। यहां मुख्य अतिथि राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने प्रदेश के 14 शिक्षकों को राज्यस्तरीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया।

आज सुबह करीब सवा ग्यारह बजे राज्यपाल समेत शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार प्रशासन अकादमी पहुंचे। राज्यपाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस समारोह में प्रदेश के 14 शिक्षकों को राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही पिछले साल के दो राष्ट्रीय शिक्षक भी सम्मानित किए गए। राज्यपाल के करकमलों से सम्मान पाकर शिक्षकों के चेहरे खिल उठे।

वहीं प्रदेश के नर्मदापुरम जिले की शिक्षक सारिका घारू को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित करेंगी। सारिका नर्मदापुरम जिले के हायरसेकंडरी स्‍कूल सांडिया में माध्‍यमिक शिक्षक के रूप में पदस्‍थ हैं। आज नई दिल्‍ली के विज्ञान भवन में दोपहर 4 बजकर 15 मिनिट से आरंभ होने जा रहे कार्यक्रम में यह सम्‍मान प्रदान किया जायेगा।

सारिका को यह सम्मान विज्ञान प्रसारक के रूप में काम करने के लिए दिया जा रहा है। वे अपने विद्यालय, गांव और जिले के साथ ही प्रदेश के अनेक स्थानों पर बच्चों, महिलाओं, जनजातीय वर्ग के बीच जागरूकता गतिविधियां करती आ रही है। अपने गीतों के माध्यम से अनेक समसामयिक वैज्ञानिक संदेशों को रोचक तरीके से पहुचाने के लिये सारिका ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।