शासकीय कार्यक्रम में MP के राज्यपाल ने लगवाए धार्मिक नारे, न लगानेवालों का भी लिया संज्ञान

मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल दो दिनों के आगर मालवा दौरे पर थे, इस दौरान उन्होंने मंच से जय श्री राम के नारे लगवाए और कहा कि जिसने नहीं लगाया उन्हें भी वो देख सकते हैं

Updated: Aug 19, 2022, 10:13 AM IST

आगर मालवा। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल गुरुवार को आगर मालवा दौरे पर थे। यहां एक शासकीय कार्यक्रम में उन्होंने लोगों से धार्मिक नारे लगवाए। अब महामहिम के संवैधानिक पद की गरिमा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

दरअसल, राज्यपाल मंगू भाई पटेल गुरुवार को आगर मालवा जिले के एक दिवसीय प्रवास पर थे। जिले के ग्राम लसुल्डिया गोपाल के आंगनवाड़ी केन्द्र में शासकीय कार्यक्रम में उन्हें शामिल होना था। कार्यक्रम को संबोधित करने से पहले उन्होंने लोगों से वंदे मातरम का उद्घोष करने को कहा। इसके बाद जयश्रीराम के नारे भी लगवाए। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

यह भी पढ़ें: बिलकिस बानो के रेपिस्ट ब्राह्मण हैं, उनके संस्कार अच्छे हैं: बीजेपी एमएलए का शर्मनाक बयान

वीडियो में देखा जा सकता है कि महामहिम ने जय श्री राम का नारा एक-दो नहीं तीन तीन बार मंच से दोहराया। यही नहीं उन्होंने जय श्री राम का नारा लगवाने के बाद यह भी पूछा कि किसने जय श्री राम नहीं बोला। उन्होंने कहा कि कौन नहीं बोला। यहां से मुझे सब दिखाई देता है।

हालांकि, महामहिम यह भूल गए कि किसी भी शासकीय कार्यक्रम में किसी राज्यपाल को धर्म विशेष का नारा लगाना शोभा नहीं देता। राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने भारत की सर्व धर्म समभाव की नीति का पालन करना शायद मुनासिब नहीं समझा। लोग पूछ रहे हैं कि क्या राज्यपाल "अल्लाह हु अकबर" के नारे भी लगवाएंगे?