मध्य प्रदेश को बदहाल किसानों का प्रदेश बना दिया है, सीएम शिवराज पर बरसे कमलनाथ

मंगलवार को मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में स्थित पिपलिया मंडी में किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे कमलनाथ, किसानों को खुशहाल बनाने का लेंगे संकल्प

Updated: Jun 05, 2023, 05:27 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले पक्ष और विपक्ष में आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। विपक्षी दल कांग्रेस राज्य की भाजपा सरकार पर किसानों के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगा रही है। किसान कर्जमाफी के मुद्दे पर भी शिवराज सरकार घिरी हुई है। पीसीसी चीफ कमलनाथ मंगलवार पिपलिया मंडी में किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

कमलनाथ ने कहा है कि पिपलिया मंडी में वह मध्य प्रदेश के किसानों को खुशहाल बनाने का संकल्प लेंगे। पीसीसी चीफ ने ट्वीट किया, 'मध्य प्रदेश को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बदहाल किसानों का प्रदेश बना दिया है। मध्य प्रदेश के किसान की आमदनी देश के सभी बड़े प्रदेशों में बहुत नीचे पहुंच चुकी है। लाखों किसान डिफाल्टर हो चुके हैं। कांग्रेस सरकार ने किसानों का जो कर्ज माफ किया था उसे भी शिवराज सरकार ने रोक दिया है।'

कमलनाथ आगे लिखते हैं कि, 'किसान खाद, बीज से लेकर न्यूनतम समर्थन मूल्य प्राप्त करने तक के लिए परेशान होता रहता है।  किसानों के साथ हो रहे इस अन्याय का अंत करने के लिए कल मैं मंदसौर के पिपलिया मंडी में किसान सम्मेलन को संबोधित करूंगा। 6 जून 2016 को पिपलिया मंडी में ही किसान विरोधी शिवराज सरकार ने 6 किसानों को मौत के घाट उतार दिया था।'

कमलनाथ ने आगे लिखा कि, 'हम किसानों की बलिदान कि इसी पवित्र भूमि पर मध्य प्रदेश के किसानों को खुशहाल बनाने का संकल्प लेंगे और मध्य प्रदेश के किसानों की दशा बदलने की ओर आगे बढ़ेंगे। जय किसान, जय मध्य प्रदेश।' जानकारी के मुताबिक कमलनाथ के इस कार्यक्रम में मंदसौर व आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में किसान पिपलिया मंडी पहुंचेंगे।