उन्हें एक सच्चे स्टेट्समैन के रूप में याद किया जाएगा, मनमोहन सिंह के निधन पर भावुक हुए दिग्विजय सिंह

किसानों की कर्ज़ माफ़ी, बच्चों को शिक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार, आदिवासियों के लिए वन अधिकार क़ानून जैसी बहुत सी उपलब्धियां उनके खाते में दर्ज हैं। उनके निधन से पूरे देश को अपूरणीय क्षति हुई है: कमलनाथ

Updated: Dec 27, 2024, 10:39 AM IST

भोपाल। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में गुरुवार रात निधन हो गया। उन्हें रात 8:06 बजे दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) लाया गया था। वे घर पर बेहोश हो गए थे। हॉस्पिटल बुलेटिन के मुताबिक उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां रात 9:51 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। सिंह ने एक भावुक पोस्ट में लिखा, 'पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि! इस देश और लोकतंत्र के सच्चे सपूत के रूप में मनमोहन सिंह ने न सिर्फ़ प्रधानमंत्री का कार्यकाल बखूबी निभाया बल्कि 90 के दशक में गिरती हुई अर्थव्यवस्था को अपनी सूझबूझ से पटरी पर ला दिया।' 

सिंह ने आगे लिखा, 'उनके दिए आर्थिक उदारीकरण के फॉर्मूला ने देश के युवाओं को सपनों की उड़ान दी और देश एक नयी पहचान के साथ दुनिया के साथ कदमताल करके चलने लगा। मनमोहन सिंह जिस भी पद पर रहे उस पद की गरिमा को चार चाँद लग गए। एक सच्चे स्टेट्समैन के रूप में उन्हें सदैव याद किया जाएगा।'

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी सिंह के निधन पर भावुक पोस्ट लिखा है। उन्होंने ट्वीट किया, 'देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। मैं उन सौभाग्यशाली व्यक्तियों में शामिल था जिन्हें उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल में केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य करने का मौक़ा मिला। डॉक्टर मनमोहन सिंह दुनिया के सम्मानित अर्थशास्त्री और भारत के जन कल्याण पर ध्यान देने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल हैं।'

कमलनाथ ने आगे लिखा, 'किसानों की कर्ज़ माफ़ी, बच्चों को शिक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार, आदिवासियों के लिए वन अधिकार क़ानून जैसी बहुत सी उपलब्धियां उनके खाते में दर्ज हैं। उनके निधन से पूरे देश को अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।'

यह भी पढ़ें: पूर्व PM मनमोहन सिंह के निधन से शोक में डूबा भारत, देश में आर्थिक सुधारों को लागू करने का दिया जाता है श्रेय

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा, 'भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं महान अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का निधन राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत की पुण्यात्मा को शांति प्रदान करें।'

यादव ने आगे लिखा, 'आरबीआई के गवर्नर, देश के वित्त मंत्री एवं प्रधानमंत्री जैसे दायित्व को निभाते हुए उन्होंने अपनी कुशल और दूरदर्शी नीतियों से देश की आर्थिक समृद्धि के प्रयासों में सहभागिता की और विभिन्न चुनौतियों का डटकर मुकाबला किया। देश के आर्थिक विकास में योगदान के लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा। दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिवारजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ॐ शांति।'