पन्ना में भीषण सड़क हादसा, सतना जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलटी, दो की मौत और 20 घायल

पन्ना जिले के बृजपुर थाने के पहाड़ी खेड़ा रोड पर मंगलवार सुबह 10 बजे एक यात्री बस बेकाबू होकर पलट गई।

Updated: Nov 28, 2023, 01:24 PM IST

पन्ना। मध्य प्रदेश में बस पलटने की घटनाएं नहीं थम रही हैं। राज्य में आए दिन यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो रही हैं। मंगलवार को पन्ना जिले से बस पलटने की खबर सामने आई है। यहां सतना जा रही बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि 20 अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

घटना पन्ना जिले के बृजपुर थाने के पहाड़ी खेड़ा रोड का है। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक यात्री बस यहां बेकाबू होकर पलट गई। बस बृजपुर से सतना जा रही थी। बस में 30 से ज्यादा यात्री सवार थे। इस हादसे में यात्री संजय पटेल और बस क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी लगते ही बृजपुर थाना प्रभारी बखत सिंह ठाकुर और यातायात प्रभारी ज्योति दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को निकालने का प्रयास शुरू किया। एक- एक कर घायल यात्रियों को एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल इलाज के लिए भिजवाया गया है।

इस हादसे में शव बस के नीचे दब गए थे। जिन्हें निकालने के लिए पुलिस ने जेसीबी के माध्यम से बस को उठाकर बस के नीचे से मृतकों के शव निकाले। वहीं अभी पांच यात्री गंभीर घायल बताए जा रहे हैं। जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है। अन्य घायलों में महिलाएं ,बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं।