रीवा में कांग्रेस का विशाल प्रदर्शन, पुलिस ने मिर्ची पाउडर और आंसू गैस के गोले छोड़े

कलेक्ट्रेट घेरने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक लिया और उन्हें खदेड़ने के लिए उन पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। आंसू गैस और मिर्ची पाउडर भी छोड़ी।

Updated: Jul 22, 2024, 04:37 PM IST

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा में कांग्रेस का जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला है। यहां कांग्रेस और युवा कांग्रेस के हजारों की संख्या में कार्यकर्ता सोमवार को सड़क पर उतरे। NEET पेपर लीक, नर्सिंग महाघोटाले और रीवा में जमीन विवाद में दो महिलाओं को जिंदा दफन करने की कोशिश के मामले में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया है। 

बताया जा रहा है कि कलेक्ट्रेट घेरने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक लिया और उन्हें खदेड़ने के लिए उन पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। आंसू गैस और मिर्ची पाउडर भी छोड़ी। इसके बाद भी कांग्रेस कार्यकर्ता डटे रहे ऐसे में पुलिस द्वारा लाठीचार्ज भी की गई।

कांग्रेस के सीनियर नेता अजय सिंह राहुल मुरम कांड और नर्सिंग घोटाले के विरोध में रीवा कलेक्ट्रेट का घेराव करने निकले थे। लेकिन कलेक्ट्रेट पहुंचने के पहले ही उन्हें रोक दिया गया। इसके बाद कांग्रेसियों का प्रदर्शन उग्र हो गया।

इसके बाद कांग्रेस ने हनुमान चौराहे पर नारेबाजी की मुख्यमंत्री मोहन यादव का पुतला फूंका। हालांकि, पुलिस ने जलते हुए पुतले पर पानी डालकर उसे बुझाने की भी कोशिश की। इस प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी और प्रदेश अध्यक्ष मितेंद सिंह भी शामिल रहे।